नोएडा की सड़कों पर उतरेंगी 50 नई इलेक्ट्रिक बसें, जाम और प्रदूषण से मिलेगी राहत

0

NEWS1UP

संवाददाता

नोएडा। शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) मिलकर 50 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू करने जा रहे हैं। अगले कुछ महीनों में ये बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक, सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल सफर का विकल्प मिलेगा।

यह पहल खासतौर पर शहर की लास्ट माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए की जा रही है, ताकि मेट्रो स्टेशन, प्रमुख सेक्टरों और एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो सके। बसों के संचालन की जिम्मेदारी UPSRTC संभालेगा, जबकि खर्च और संभावित नुकसान की भरपाई नोएडा प्राधिकरण करेगा।

इन प्रमुख रूटों पर चलेंगी बसें

नई इलेक्ट्रिक बसों को शहर और आसपास के इलाकों को जोड़ने वाले अहम रूटों पर चलाया जाएगा।

रूट-1 बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौड़ चौक) – 8 बसें

रूट-2 बॉटनिकल गार्डन से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट – 16 बसें

रूट-3 बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-62 – 12 बसें

रूट-4 बॉटनिकल गार्डन से सूरजपुर कलेक्ट्रेट – 8 बसें

वैकल्पिक रूट के लिए अतिरिक्त 6 बसें भी रखी जाएंगी।

ट्रैफिक जाम और प्रदूषण पर लगेगा ब्रेक

नोएडा में लगातार बढ़ते वाहनों की संख्या ट्रैफिक जाम की बड़ी वजह बन चुकी है। शहर में 12 लाख से ज्यादा पंजीकृत वाहन हैं, जिनमें लाखों दोपहिया और निजी कारें शामिल हैं। ऐसे में इलेक्ट्रिक बसों के आने से लोग निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाएंगे, जिससे जाम और प्रदूषण दोनों में कमी आने की उम्मीद है।

सेक्टर-90 में बनेगा हाईटेक डिपो

इन बसों के लिए सेक्टर-90 में आधुनिक डिपो तैयार किया जा रहा है। यहां 20 चार्जिंग स्टेशन, सर्विस स्टेशन और ड्राइवर-कंडक्टर के लिए विशेष सुविधाएं होंगी। इसके अलावा रास्ते में चार ऑपर्च्युनिटी चार्जिंग स्टेशन भी लगाए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर बसों को दोबारा चार्ज किया जा सके।

नोएडा को मिलेगा स्मार्ट ट्रांसपोर्ट सिस्टम

50 नई इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत नोएडा को स्मार्ट और ग्रीन सिटी बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था पहले से बेहतर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!