धूं-धूं कर जली गौर ग्रीन एवेन्यू, सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश
सीएम योगी ने कहा, राहत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
NEWS1UP
संवाददाता
लखनऊ/गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित बहुमंजिली आवासीय सोसाइटी गौर ग्रीन एवेन्यू में बुधवार सुबह लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। कई फ्लैट आग की चपेट में आ गए, जबकि ऊंची इमारत से उठती लपटों और धुएं के गुबार ने लोगों में दहशत फैला दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और राहत कार्यों की निगरानी करने के आदेश दिए।

घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में हुई, जहां अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें भी राहत कार्य में जुटी रहीं।
जानकारी के मुताबिक, आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कई फ्लैटों को नुकसान पहुंचा है। तकनीकी टीम और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
इस हादसे ने गाजियाबाद की बहुमंजिली सोसाइटियों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फायर सेफ्टी सिस्टम, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और नियमित निरीक्षण को लेकर अब प्रशासन पर जवाबदेही बढ़ गई है।
अब नजर इस बात पर है कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग इस घटना से कितना सबक लेते हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
