ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। गोविंदपुरम स्थित एनडीआरएफ कैंटीन परिसर में संचालित याया किड्स प्ले स्कूल एवं याया इंस्टीट्यूट में ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले “बीट द हीट, सेव बर्ड्स” थीम पर विशेष जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे बच्चों ने पक्षियों के लिए मिट्टी के सुंदर बर्तन सजाकर समाज को पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया।
बच्चों ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगों और आकर्षक चित्रों से मिट्टी के जलपात्रों को सजाया। बच्चों की मासूम सोच और रचनात्मकता ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक यह संकल्प भी लिया कि वे अपने घरों की छत, बालकनी और आसपास प्रतिदिन पक्षियों के लिए पानी रखेंगे, ताकि भीषण गर्मी में कोई भी चिड़िया प्यास से परेशान न हो।
विद्यालय प्रशासन ने बच्चों को समझाया कि गर्मियों में पक्षियों के लिए पानी रखना केवल दया नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों में पर्यावरण संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति प्रेम और सामाजिक संवेदनशीलता की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
बी.के. शर्मा “हनुमान” ने सराहा बच्चों का प्रयास
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा के पीठाधीश्वर बी.के. शर्मा “हनुमान” उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों द्वारा किए गए इस प्रयास को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि प्रकृति और जीव-जंतुओं के बिना मानव जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। हमारी संस्कृति सदैव सभी प्राणियों के प्रति दया, संवेदना और संरक्षण का संदेश देती आई है।
उन्होंने कहा कि-
जब वन्यजीव सुरक्षित रहते हैं, तब पर्यावरण संतुलित रहता है और समाज भी स्वस्थ एवं समृद्ध बनता है।
उन्होंने लोगों से प्राकृतिक संसाधनों का सोच-समझकर उपयोग करने और लुप्त होती प्रजातियों के संरक्षण के लिए जागरूक बनने की अपील की।
विद्यालय परिसर में दिखा उत्साह और उल्लास
विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बच्चों ने शिक्षकों के साथ मिलकर पूरे उत्साह और आनंद के साथ गतिविधि में भाग लिया। इस अवसर पर शिक्षिकाएं अंतिमा चौधरी, आकांक्षा (शालू) और राखी सक्सेना ने बच्चों का मार्गदर्शन किया तथा उन्हें गतिविधियों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन डायरेक्टर डॉ. अल्पना शर्मा एवं प्रिंसिपल शिल्पा शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। गतिविधि के अंत में बच्चों को उनके उत्साह और सहभागिता के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही सभी बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ एवं आनंदमय ग्रीष्मकालीन अवकाश की शुभकामनाएँ दी गईं। विद्यालय जुलाई माह में पुनः खुलेगा।