एक करोड़ की शादी, फिर भी नहीं मिटी दहेज लोभियों की भूख ? दीपिका की मौत ने खड़े किए कई गंभीर सवाल

0

शादी में करोड़ों खर्च के बावजूद ससुराल पक्ष पर फॉर्च्यूनर और 50 लाख रुपये मांगने का आरोप

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

ग्रेटर नोएडा।  ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित जलपुरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। महज डेढ़ साल पहले जिस घर में धूमधाम से बेटी की विदाई हुई थी, आज वही घर दहेज हत्या के आरोपों के घेरे में है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर न केवल अतिरिक्त दहेज मांगने, बल्कि लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना देने का गंभीर आरोप लगाया है।

दीपिका की मौत की सूचना पर इकट्ठा उनके परिजन और रिश्तेदार

मृतका दीपिका नागर की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा निवासी ऋतिक के साथ हुई थी। दीपिका के पिता संजय का कहना है कि बेटी की शादी में उन्होंने अपनी सामर्थ्य से बढ़कर करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वालों की मांगें खत्म नहीं हुईं। आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपिका पर फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था।

मौत से पहले पिता को किया था फोन

परिजनों के मुताबिक, 17 मई को दीपिका ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। पिता संजय उसी शाम बेटी के ससुराल पहुंचे और परिवार को समझाने की कोशिश कर वापस लौट आए। लेकिन कुछ ही घंटों बाद एक ऐसा फोन आया जिसने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी।

परिवार का दावा: हत्या के बाद तीसरी मंजिल से फेंका गया शव

मृतका के शरीर पर मिले चोट के निशान

रात में सूचना मिली कि दीपिका तीसरी मंजिल से गिर गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो दीपिका मृत अवस्था में मिली। परिजनों का आरोप है कि शरीर पर चोटों के निशान साफ बता रहे थे कि यह सामान्य हादसा नहीं था। उनका दावा है कि दीपिका की हत्या करने के बाद शव को तीसरी मंजिल से नीचे फेंका गया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके।

पति और ससुर गिरफ्तार

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मायका पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। शिकायत में सास पूनम, ननद नेहा और तन्वी, साथ ही चचिया ससुर प्रमोद और विनोद के नाम भी शामिल हैं।

घटना की जानकारी देते DCP शैलेन्द्र कुमार सिंह

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तीसरी मंजिल से गिरने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिवार का आरोप है कि अगर समय रहते उनकी बेटी की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाता, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!