क्रॉसिंग रिपब्लिक में सांस्कृतिक समिति और CROMA ने लगाया सेवा शिविर

0

तपती दोपहर में सैकड़ों राहगीरों, रिक्शा चालकों और श्रमिकों को परोसा गया कढ़ी-चावल, ठंडे पेय और पेयजल की व्यवस्था ने दिलाई गर्मी से राहत

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच मानव सेवा का एक सराहनीय उदाहरण रविवार को क्रॉसिंग रिपब्लिक में देखने को मिला। क्षेत्र की सांस्कृतिक समिति एवं क्रोमा के संयुक्त तत्वावधान में राहगीरों के लिए कढ़ी-चावल एवं ठंडे पेय वितरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने लाभ उठाया।

दोपहर की तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच आयोजित इस सेवा शिविर में वहां से गुजरने वाले राहगीरों, रिक्शा चालकों, ई-रिक्शा चालकों, श्रमिकों तथा आम नागरिकों को श्रद्धापूर्वक कढ़ी-चावल परोसे गए। साथ ही गर्मी से राहत दिलाने के लिए ठंडे पेय और पेयजल की भी व्यवस्था की गई।

शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर भोजन ग्रहण किया। गर्मी से बेहाल लोगों को जब स्वादिष्ट कढ़ी-चावल और ठंडा पेय मिला तो उनके चेहरे पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सामाजिक गतिविधियां न केवल जरूरतमंदों को राहत पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करती हैं।

सांस्कृतिक समिति ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक दायित्व और जनसेवा की भावना से प्रेरित होकर किया गया है। क्रोमा के पदाधिकारियों ने बताया कि यह कोई एक बार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही एक परंपरा है, जिसका उद्देश्य गर्मी के मौसम में लोगों को राहत प्रदान करना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!