12वीं मंजिल पर आग, दमकल की पहुंच 6वीं मंजिल तक! हाईराइज सुरक्षा पर उठे सवाल
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
नोएडा। सेक्टर-75 स्थित IVY काउंटी सोसाइटी में शुक्रवार सुबह लगी आग ने एक बार फिर हाईराइज इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और दमकल विभाग के संसाधनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग टावर की लगभग 12वीं मंजिल पर लगी थी, जबकि मौके पर मौजूद फायर टेंडरों से छोड़ी जा रही पानी की धार वीडियो में मुश्किल से छठी मंजिल तक पहुंचती दिखाई दे रही है। ऐसे में यह चिंता स्वाभाविक है कि यदि आग और ऊपरी मंजिलों पर अधिक फैल जाती तो उससे निपटने के लिए उपलब्ध संसाधन कितने पर्याप्त साबित होते।

हालांकि राहत की बात यह रही कि दमकल कर्मियों ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया। आग को अन्य फ्लैटों तक फैलने से रोक दिया गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
लेकिन घटना ने यह बड़ा सवाल छोड़ दिया है कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद की सैकड़ों हाईराइज सोसाइटीयों में किसी बड़े अग्निकांड की स्थिति में क्या अग्निशमन विभाग के पास पर्याप्त ऊंचाई तक पहुंचने वाले आधुनिक उपकरण मौजूद हैं ? विशेषज्ञों का मानना है कि तेजी से बढ़ रही ऊंची इमारतों के अनुरूप हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, एरियल लैडर और हाई-प्रेशर फायर फाइटिंग सिस्टम की संख्या बढ़ाना समय की मांग है।
आईवी काउंटी की घटना भले ही बिना किसी जनहानि के समाप्त हो गई हो, लेकिन इसने हाईराइज सुरक्षा और अग्निशमन संसाधनों की वास्तविक तैयारियों पर गंभीर बहस छेड़ दी है।
