भीषण गर्मी में डटे ट्रैफिक कर्मियों को मिला सम्मान, NEFOMA व पेसिफिक स्कूल ने बांटीं कैप
चिलचिलाती धूप में सेवा दे रहे ट्रैफिक कर्मियों के लिए संवेदनशील पहल
NEWS1UP
संवाददाता
नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में झुलसा देने वाली गर्मी और तेज धूप के बीच चौराहों पर घंटों खड़े रहकर यातायात व्यवस्था संभाल रहे ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने के लिए फ्लैट बायर्स संगठन नेफोमा और पेसिफिक स्कूल ने एक सराहनीय पहल की। हनुमान मंदिर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कैप वितरित कर उनका सम्मान किया गया।
इस अवसर पर नेफोमा पदाधिकारियों ने यातायात कर्मियों को स्वयं कैप पहनाकर उनका स्वागत किया और विपरीत परिस्थितियों में भी कर्तव्यनिष्ठा के साथ निभाई जा रही उनकी सेवाओं की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रति समाज की कृतज्ञता भी व्यक्त की गई।

नेफोमा के अध्यक्ष अन्नू खान ने कहा कि इन दिनों तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है, लेकिन इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस के जवान दिनभर चौराहों पर खड़े होकर यातायात को सुचारु बनाए रखने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त करना समाज की जिम्मेदारी है। इसी भावना के तहत नेफोमा और पेसिफिक स्कूल के सहयोग से यह अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा कि-
ट्रैफिक पुलिस कर्मी न केवल व्यवस्था बनाए रखते हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, उनकी मेहनत और समर्पण समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में नेफोमा की ओर से कृष्णानंद, आशीष बंसल, पवन छाबड़ा और उमेश सिंह उपस्थित रहे, जबकि पेसिफिक स्कूल का प्रतिनिधित्व नवीन जैन ने किया। इस दौरान यातायात निरीक्षक प्रफुल्ल श्रीवास्तव, यातायात उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, यातायात उपनिरीक्षक रामवीर सिंह सहित अन्य यातायात सहयोगी भी मौजूद रहे।
