गाजियाबाद-नोएडा में आज शाम बदल सकता है मौसम का मिजाज, आंधी और बारिश का अलर्ट
संवाददाता
गाजियाबाद/नोएडा। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे गाजियाबाद एवं नोएडा के लोगों को शनिवार शाम तक राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए गाजियाबाद और नोएडा में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार दोपहर बाद से शाम के बीच हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आंधी आने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि गाजियाबाद और नोएडा में अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 21 जून तक प्री-मानसून गतिविधियां जारी रह सकती हैं। रविवार को भी गाजियाबाद और नोएडा में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। यह मौसम परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) और स्थानीय मौसमी तंत्र के प्रभाव से हो रहा है।
