दादरी में बिजली संकट पर भड़का भाकियू मंच, जल्द सुधार नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
लगातार फॉल्ट, ट्रांसफॉर्मर खराब और लो-वोल्टेज से दादरी-छपरौला के लोग परेशान, नए बिजलीघर की भी उठी मांग
NEWS1UP
संवाददाता
दादरी। भीषण गर्मी के बीच दादरी और छपरौला क्षेत्र में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर भारतीय किसान यूनियन मंच ने रविवार को बिजलीघर धूम पर प्रदर्शन किया। संगठन ने थानाध्यक्ष बादलपुर विजय गुप्ता के माध्यम से यूपीपीसीएल के एसडीओ के नाम ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बिजली उपभोक्ताओं के साथ बिजलीघर पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

भाकियू मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने बताया कि पिछले एक महीने से दादरी शहर एवं सहारा सिटी छपरौला में लगातार बिजली कटौती, ट्रांसफॉर्मर खराब होने, हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट, ब्रेकडाउन और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग प्रभावी समाधान नहीं कर पा रहा है।
प्रदेश प्रभारी विक्रांत भाटी ने कहा कि भीषण गर्मी में बार-बार बिजली गुल होने से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक परेशान हैं। वहीं, जिलाध्यक्ष अक्षय मुखिया एवं प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल ठाकुर ने दादरी क्षेत्र में बिजली व्यवस्था मजबूत करने और नए बिजलीघर की स्थापना की मांग उठाई।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश महासचिव डॉ. मोहसिन ने कहा कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भाकियू मंच बिजली उपभोक्ताओं के साथ व्यापक आंदोलन करेगा। इस अवसर पर हाजी निजाम, सोनू बैसला, विकास रूपवास, मनीष नागर, अब्दुल कादिर, दानिश खान, नितेश कसाना, मनीष अधाना, अरुण जाटव, गौरव चौधरी, विजय कुमार, मोहित चौधरी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं उपभोक्ता मौजूद रहे।
