स्वदेश चोपड़ा की स्मृति में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 250 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ
डीसीपी धवल जायसवाल बोले, स्वस्थ समाज ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला
डॉ. आलोक कुमार ने मानसिक स्वास्थ्य पर भी दिया जोर

NEWS1UP
संवादाता
गाजियाबाद। जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर सशक्त रूप देते हुए पंजाब केसरी समूह ने स्वर्गीय श्रीमती स्वदेश चोपड़ा की स्मृति में नेहरू नगर स्थित शिव मंदिर औषधालय में भव्य निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। मणिपाल हॉस्पिटल और शिव मंदिर समिति के विशेष सहयोग से आयोजित किए गए शिविर में सुबह से ही बड़ी संख्या में नागरिक शिविर में पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्राप्त किया। शिविर में 250 से अधिक लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाया।

शिविर का उद्घाटन डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने किया। इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) में अपनी सेवाएं दे चुके वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आलोक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष के.के. भटनागर, महासचिव शिव कुमार अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष विजय कुमार गर्ग ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। शिविर के मुख्य सहयोगी शिव मंदिर समिति नेहरू नगर के पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों को प्रतीक चिन्ह व शोल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव: धवल जायसवाल

मुख्य अतिथि डीसीपी धवल जायसवाल ने कहा कि किसी भी समाज की समृद्धि उसके नागरिकों के अच्छे स्वास्थ्य पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित जीवनशैली और समय पर उपचार अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने लोगों से स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया।
स्वस्थ मन और स्वस्थ शरीर, दोनों हैं आवश्यक: डॉ आलोक

विशिष्ट अतिथि डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य की परिभाषा केवल बीमारी का अभाव नहीं है। उन्होंने कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ चेतना भी जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाती है। उन्होंने लोगों से तनावमुक्त जीवन, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने दी सेवाएं

शिविर में मणिपाल हॉस्पिटल की विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। जनरल फिजिशियन डॉ. अमन, डेंटल विशेषज्ञ डॉ. महक, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष, नर्सिंग स्टाफ निशा एवं श्वेता तथा लैब टेक्नीशियन वर्षा ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, थायरॉयड जांच, ईसीजी, दंत परीक्षण तथा नेत्र परीक्षण जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में लोगों ने इन सेवाओं का लाभ उठाया।
समाज सेवा के लिए टीम का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के समापन पर पंजाब केसरी समूह की ओर से नवोदय टाइम्स के ब्यूरो प्रमुख संजीव शर्मा ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले शिव मंदिर समिति के पदाधिकारियों तथा मणिपाल हॉस्पिटल की मेडिकल टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
