[t4b-ticker]

देविका गोल्ड होम्स में नई AOA का रास्ता साफ, डिप्टी रजिस्ट्रार ने वर्तमान कार्यकारिणी को किया कालातीत घोषित

0
DD

एक माह में होंगे चुनाव, निर्वाचन अधिकारी नियुक्त


लंबे समय से चल रहे विवाद पर प्रशासन की निर्णायक कार्रवाई

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-1 स्थित देविका गोल्ड होम्स अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन में नई कार्यकारिणी के गठन का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। डिप्टी रजिस्ट्रार निखलेश राजन ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए वर्तमान कार्यकारिणी (एड-हॉक AOA) को कालातीत घोषित कर दिया है। साथ ही निर्देश दिए हैं कि सोसायटी में एक माह के भीतर वैधानिक प्रक्रिया के तहत स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराए जाएं। चुनाव संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर के जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

यह आदेश ऐसे समय आया है, जब सोसायटी में लंबे समय से समयबद्ध चुनाव न होने और वर्तमान कार्यकारिणी की वैधानिक स्थिति को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। आदेश के बाद अब नई निर्वाचित AOA के गठन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

समय पर चुनाव न होना बना हस्तक्षेप का आधार

डिप्टी रजिस्ट्रार के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। इसके बावजूद नई कार्यकारिणी के गठन के लिए निर्धारित समय में चुनाव नहीं कराए गए। ऐसी स्थिति में सोसायटी के प्रशासन को वैधानिक स्वरूप देने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल करने के उद्देश्य से निर्वाचन प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया नियुक्त निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में तय समय सीमा के भीतर संपन्न कराई जाएगी।

कई महीनों से उठ रही थी निर्वाचित AOA की मांग

देविका गोल्ड होम्स में पिछले कई महीनों से फ्लैट मालिकों का एक वर्ग नियमित चुनाव कराने की मांग कर रहा था। उनका कहना था कि बिना निर्वाचित कार्यकारिणी के सोसायटी का संचालन लोकतांत्रिक भावना के अनुरूप नहीं माना जा सकता। इसी विवाद के बीच मामला डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय तक पहुंचा, जहां सुनवाई के बाद यह आदेश जारी किया गया।

निवासियों का मानना है कि अब चुनाव होने से सोसायटी में निर्णय प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी और सभी फ्लैट मालिकों को समान प्रतिनिधित्व मिलेगा।

यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की जीत है: प्रवीण सिंह 

मामले के शिकायतकर्ता एवं सोसायटी निवासी प्रवीण सिंह ने आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय केवल प्रशासनिक आदेश नहीं, बल्कि उन सभी निवासियों की लोकतांत्रिक जीत है, जिन्होंने पिछले कई महीनों से वैधानिक, पारदर्शी और जवाबदेह AOA की मांग को संवैधानिक तरीके से उठाया।

उन्होंने कहा-

“हमें विश्वास है कि निष्पक्ष चुनाव के माध्यम से अब सोसायटी में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की नई शुरुआत होगी। सभी फ्लैट मालिकों से अपील है कि वे चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं और ऐसी AOA का चयन करें जो केवल निवासियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।”

चुनाव पर टिकीं निगाहें

डिप्टी रजिस्ट्रार के आदेश के बाद अब देविका गोल्ड होम्स में प्रस्तावित चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज होने की संभावना है। माना जा रहा है कि यदि निर्धारित समय के भीतर निष्पक्ष मतदान संपन्न हो जाता है तो लंबे समय से चला आ रहा प्रशासनिक गतिरोध समाप्त होगा और सोसायटी को एक वैधानिक, निर्वाचित एवं जवाबदेह AOA मिल सकेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!