नेफोमा में बड़ा फेरबदल! कृष्णानंद बने संगठन मंत्री, अब सोसाइटी-टू-सोसाइटी होगा संगठन का विस्तार
रजिस्ट्री, ट्रैफिक, मेट्रो और गंगाजल आपूर्ति जैसे मुद्दों पर बनी रणनीति
NEWS1UP
संवाददाता
ग्रेटर नोएडा वेस्ट। नेफोमा (नोएडा एस्टेट फ्लैट ओनर्स मेन एसोसिएशन) की शनिवार को गौर सिटी सेंटर में हुई महत्वपूर्ण बैठक में संगठन विस्तार को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। महागुन मायवुड निवासी कृष्णानंद को नेफोमा का संगठन मंत्री नियुक्त किया गया। उन्हें संगठन को सोसाइटी स्तर तक मजबूत करने और नए फ्लैट ओनर्स को जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में फ्लैटों की रजिस्ट्री, बढ़ती ट्रैफिक समस्या, मेट्रो कनेक्टिविटी, भूजल स्तर में गिरावट और गंगाजल आपूर्ति जैसे क्षेत्र के प्रमुख मुद्दों पर भी रणनीति तैयार की गई। इन समस्याओं को संबंधित विभागों और शासन-प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने पर सहमति बनी।
नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने संगठन की मौजूदा गतिविधियों और फ्लैट ओनर्स के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। सदस्यों ने अपनी-अपनी सोसाइटी की समस्याएं बैठक में रखीं और उनके सामूहिक समाधान के लिए संगठन की भूमिका को और मजबूत करने पर जोर दिया।
कृष्णानंद को संगठन विस्तार की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसके प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में संगठन को सोसाइटी स्तर तक पहुंचाने और अधिक से अधिक फ्लैट ओनर्स को नेफोमा से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई।
इस मौके पर डेकोरी इंटीरियर्स को उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित करते हुए ‘उत्कृष्ट सेवा अवार्ड’ प्रदान किया गया।
बैठक में अन्नू खान, अनूप कुमार, अविनाश सिंह, दीपक दुबे, उमेश सिंह, किशोर कुमार, दीपक शर्मा, ओम उज्ज्वल, कृष्णानंद, सुशील सैनी, राजेंद्र मंटू, रामनारायण त्रिपाठी, अनुराग तोमर, अमित झा, अनिल कुमार, अनूप वर्मा, दुष्यन्त, ज्योति, सुनीता सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
