November 5, 2026
[t4b-ticker]

गाजियाबाद हाउस टैक्स आंदोलन में बढ़ी चिंता, 15 अगस्त को लेकर व्यापारियों ने दी गंभीर चेतावनी!

0
NAGAR1

धरना आठवें दिन भी जारी 

राजकिशोर गुप्ता ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील 

मांगों पर फैसला नहीं होने पर आंदोलन तेज करने का ऐलान

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। नगर निगम के बढ़े हुए हाउस टैक्स के विरोध में नवयुग मार्केट में चल रहा व्यापारियों का धरना गुरुवार को आठवें दिन भी जारी रहा। लगातार आंदोलन के बावजूद समाधान नहीं निकलने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

15 अगस्त को लेकर गंभीर चेतावनी

आंदोलन के आयोजक राजकिशोर गुप्ता ने कहा कि यदि 15 अगस्त से पहले व्यापारियों की हाउस टैक्स संबंधी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन से जुड़े कुछ व्यापारियों द्वारा आत्मदाह जैसे बेहद गंभीर कदम की चेतावनी दी गई है।

समिति ने स्पष्ट किया कि यह स्थिति किसी भी स्तर पर उचित नहीं है और प्रशासन को इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। व्यापारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि बातचीत और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों का समाधान कराना है।

समिति ने प्रशासन से अपील की कि किसी भी व्यापारी को अपने जीवन को खतरे में डालने की स्थिति तक पहुंचने से पहले बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाए। 15 अगस्त से पहले सकारात्मक निर्णय होने से स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से संभाला जा सकता है।

युवा व्यापारियों से आगे आने की अपील

धरना स्थल से युवा व्यापारियों से आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने और नेतृत्व संभालने का आह्वान किया गया। समिति ने कहा कि युवा व्यापारियों की भागीदारी बढ़ने से आंदोलन को लोकतांत्रिक और संगठित तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

2024 की दरों पर टैक्स लगाने की मांग

हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति ने मांग दोहराई कि बढ़ी हुई दरों की समीक्षा कर वर्ष 2024 में लागू दरों के आधार पर हाउस टैक्स निर्धारित किया जाए। व्यापारियों ने कहा कि वे प्रशासन के साथ संवाद के माध्यम से समाधान चाहते हैं, लेकिन अतिरिक्त आर्थिक बोझ को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

समिति ने प्रशासन से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस से पहले व्यापारियों की मांगों पर वार्ता कर ठोस निर्णय लिया जाए। समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को अगले चरण में ले जाने और विभिन्न बाजारों से संपर्क कर आगे की रणनीति तय करने की बात कही गई है।

धरने में राजकिशोर गुप्ता, गौरव गर्ग, सुभाष छाबड़ा, तिलक राज अरोड़ा, राकेश मोहन गर्ग, गौरव बंसल, हरविंदर गांधी, बिजेन्द्र यादव, मो. कासिम, मुनींद्र आर्य, सुभाष गुप्ता, अभिषेक गर्ग, राकेश काका, जय प्रकाश, धूम सिंह, राज कुमार आर्य, सुनील चाचा, अमित वर्मा सहित सैकड़ों व्यापारी एवं नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed