डिप्टी रजिस्ट्रार को कार्यालय में बनाया बंधक! धमकाने का आरोप, पुलिस कमिश्नर से शिकायत
ADM सिटी कार्यालय के अंदर भी घेरकर अपने पक्ष में आदेश कराने का दबाव बनाने का आरोप
अभद्रता और सरकारी काम में बाधा की शिकायत
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
गाजियाबाद। सोसायटी विवाद से जुड़े एक मामले में गाजियाबाद के डिप्टी रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसायटीज एवं चिट्स ने पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में आरोप है कि कुछ लोगों ने उनके कार्यालय में घुसकर उन्हें घेर लिया, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, धमकाया और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए उन्हें कई घंटे तक कार्यालय में बंधक बनाए रखा।
शिकायत के अनुसार, डिप्टी रजिस्ट्रार 4 जून 2026 से गाजियाबाद में तैनात हैं और सोसायटियों से संबंधित विवादों का निस्तारण कर रहे हैं। 22 अगस्त को दोपहर करीब 2 से 3 बजे वह ADM सिटी के कार्यालय में किसी प्रकरण में सरकारी कार्य कर रहे थे।
इसी दौरान शिकायत के मुताबिक द हाइड पार्क अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन, जीएच-03, सेक्टर-78, नोएडा से जुड़े तीन-चार व्यक्ति ADM सिटी के कार्यालय के अंदर पहुंच गए। शिकायत में सचिन श्रीवास्तव, अजय पाण्डेय समेत अन्य व्यक्तियों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि उन्होंने डिप्टी रजिस्ट्रार को घेर लिया, डराया-धमकाया और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
ADM कार्यालय में ही बनाया दबाव
डिप्टी रजिस्ट्रार का आरोप है कि संबंधित लोग अपने पक्ष में आदेश कराने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। उन्होंने उन्हें बताया कि सोसायटी से जुड़े मामलों में कार्रवाई नियमानुसार ही की जाएगी, लेकिन शिकायत के अनुसार इसके बावजूद दबाव और कथित धमकी जारी रही।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना का वीडियो बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। डिप्टी रजिस्ट्रार ने करीब 2 मिनट 18 सेकेंड के वीडियो का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया है कि उसमें अभद्र भाषा और अपने पक्ष में आदेश कराने के लिए दबाव बनाने की स्थिति सामने आती है।
रात 8 बजे तक दबाव बनाए रखने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, डिप्टी रजिस्ट्रार जब कलेक्ट्रेट से वापस अपने ऑफिस के लिए निकले तो वही लोग उनका पीछा करते हुए उनके कार्यालय पहुंच गए। फिर उन पर रात करीब 8 बजे तक अपने पक्ष में कार्रवाई करने का दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्होंने बार-बार स्पष्ट किया कि किसी भी मामले में कार्रवाई नियमों के अनुसार ही होगी।
FIR और सुरक्षा की मांग
डिप्टी रजिस्ट्रार ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही अपने कार्यालय में किसी अप्रिय घटना से बचाव के लिए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया है।
