पहली AOA के नेतृत्व में हुआ हैंडओवर रहा था सुर्खियों में
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। एनएच-9 स्थित गोल्फ लिंक्स टाउनशिप सकार्डी ग्रीन सोसायटी में AOA चुनाव को लेकर आज से प्रचार अभियान शुरू हो गया है। कुल 20 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मतदान 13 सितंबर को होगा और इसी दिन शाम को परिणाम घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन समिति की ओर से जारी प्रत्याशियों की सूची के अनुसार चुनावी मुकाबले में नेहा शर्मा, शशि अग्रवाल, आशीष कुमार स्वर्णकार, एकता श्रीवास्तव, सीमा चौधरी, अमन ढींगरा, निखिल कपूर, पंकज त्यागी, मनीष शर्मा, संदीप कुमार, अतिन कुमार अग्रवाल, आलोक कुमार, गौरव सिंह, जगपाल सिंह, प्रवीन नागर, राज कुमार शर्मा, विभोर सारस्वत, शिव कुमार, श्रीभगवान शर्मा और सिद्धेश्वरी सिंह शामिल हैं।
हैंडओवर के बाद पहला चुनाव, पूरे शहर में चर्चा का विषय रहा था मामला
स्कार्डी ग्रीन में यह बिल्डर से हैंडओवर के बाद होने वाला पहला AOA चुनाव है। खास बात यह है कि सोसायटी की पहली AOA के नेतृत्व में हुआ हैंडओवर सिर्फ टाउनशिप तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शहरभर में चर्चा का विषय बना था।
हैंडओवर प्रक्रिया के दौरान बिल्डर की ओर से सोसायटी से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्व AOA को सौंपे गए। इनमें Completion Certificate, Occupancy Certificate, IFMS तथा पेंट के लिए फंड समेत अन्य जिम्मेदारियां शामिल थीं। ऐसे में इस चुनाव को केवल AOA के नए पदाधिकारियों के चयन के तौर पर नहीं, बल्कि हैंडओवर के बाद सोसायटी की व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को आगे किस तरह संभाला जाएगा, इसे लेकर भी अहम माना जा रहा है।
20 प्रत्याशियों के मैदान में उतरने के साथ सोसायटी में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। अब प्रचार के दौरान प्रत्याशी अपने-अपने एजेंडे और प्राथमिकताओं के साथ मतदाताओं से संपर्क करेंगे। 13 सितंबर को होने वाला मतदान यह तय करेगा कि सोसायटी की कमान अगले कार्यकाल में किसके हाथ होगी।