November 5, 2026
[t4b-ticker]

कक्षा में भविष्य गढ़ रहीं 100 शिक्षिकाएं, मंच पर मिला सम्मान

0
NM

ग्रेटर नोएडा में महिला उन्नति संस्था का सम्मान समारोह

पूर्व भारतीय वालीबॉल कप्तान निर्मल तंवर भाटी बोलीं- शिक्षक देश के भविष्य के शिल्पकार

NEWS1UP

संवाददाता

ग्रेटर नोएडा। स्कूल की कक्षा में पढ़ाया गया एक पाठ भले ही कुछ मिनटों में खत्म हो जाए, लेकिन शिक्षक की सीख बच्चे के जीवनभर साथ चलती है। इसी भूमिका को सलाम करते हुए ग्रेटर नोएडा स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के प्रांगण में महिला उन्नति संस्था ने शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहीं 100 महिला शिक्षिकाओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

समारोह में शिक्षा के साथ संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्य अतिथि एवं भारतीय वालीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर भाटी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं। वे अपने ज्ञान और कौशल से विद्यार्थियों को तराशते हैं और यही विद्यार्थी आगे चलकर विभिन्न उच्च पदों पर पहुंचकर देश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हैं।

अंक से आगे की शिक्षा, संस्कार और सही-गलत की पहचान

स्कूल की प्रिंसीपल डा. कंचन कुमारी ने कहा कि सभ्य समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अहम है। मां-बाप के बाद शिक्षक ही वह व्यक्ति होता है, जो बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देता है और उन्हें जीवन की चुनौतियों से लड़ने के लिए तैयार करता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों को सिर्फ किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि सही और गलत के बीच फर्क करना और जिम्मेदार नागरिक बनना भी सिखाते हैं।

100 शिक्षिकाओं को सम्मान, बढ़ा हौसला

संस्था की मीडिया प्रभारी दीपा रानी ने बताया कि गौतमबुद्धनगर के विभिन्न स्कूलों में शिक्षा की अलख जगा रहीं 100 महिला शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि ये शिक्षिकाएं प्रतिदिन बच्चों के भविष्य को संवारने का काम कर रही हैं और समाज के निर्माण में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

सम्मान समारोह में शिक्षिकाओं के चेहरे पर उत्साह दिखाई दिया। प्रशस्ति-पत्र उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर काम करने की प्रेरणा भी बना।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों और शिक्षिकाओं का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह के माहौल में उत्साह और उमंग भर दी।

समारोह में संस्था के संस्थापक डा. राहुल वर्मा, महासचिव अनिल कुमार भाटी, जिलाध्यक्ष रेनूबाला शर्मा, कोऑर्डिनेटर मनोज झा, उपाध्यक्ष एडवोकेट अनिल भाटी, धीरज कुमारी, गीता भाटी, नूतन भाटी, वंदना झा, रीनू अमित शर्मा, अमनदीप कौर और शालिनी सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed