शिव मंदिर धर्मार्थ औषधालय में लगा नि:शुल्क हेल्थ चेकअप कैंप, 100 से अधिक लोगों ने कराई जांच
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। नेहरू नगर सेकंड-सी, ई और एफ ब्लॉक स्थित शिव मंदिर धर्मार्थ औषधालय में रविवार को नि:शुल्क हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के सहयोग से आयोजित शिविर में क्षेत्र के 100 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

कैंप में लोगों की TSH, BMD, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं। चिकित्सकों ने जांच के साथ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श भी दिया और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया।

शिविर में अपोलो हॉस्पिटल की डॉक्टर जिज्ञासा, डॉ. अल्पना कैंसल और डॉ. अरुणा ने अपनी टीम के साथ सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ ने मरीजों की जांच कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझा तथा आवश्यक सुझाव दिए।
सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का बना माध्यम

शिव मंदिर समिति की ओर से आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा शहर के गणमान्य लोगों ने भी शिविर में पहुंचकर आयोजन की सराहना की। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
