गाज़ियाबाद में भारी वाहनों पर छह दिन की रोक, 18 से 23 अक्टूबर तक रहेगा प्रतिबंध!

0

लाल कुआँ से शहर में एंट्री बंद

एनएच-9 से आने वाले भारी वाहन गाज़ियाबाद या बुलंदशहर नहीं जा सकेंगे

NEWS1UP 

संवाददाता

गाज़ियाबाद। दिवाली, धनतेरस और भाई दूज के त्योहारी मौसम में बढ़ती भीड़ और जाम की स्थिति से राहत दिलाने के लिए गाज़ियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाने की घोषणा की है। यह प्रतिबंध 18 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक रोजाना सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक नियंत्रण को प्राथमिकता

त्योहारों के दौरान गाज़ियाबाद के मुख्य बाजारों, जैसे कि चौधरी मोड़, ट्यूलिप मॉल, घंटाघर और लाल कुआँ क्षेत्र, में भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस ने विशेष योजना बनाई है।

लाल कुआँ से शहर में भारी वाहन नहीं जाएंगे

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि लाल कुआँ से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह निषिद्ध रहेगा। इसी तरह साजन मोड़ और इंडस्ट्रियल एरिया से लाल कुआँ की ओर जाने वाले वाहनों को भी रोका जाएगा। ऐसे वाहनों को आत्माराम स्टील तिराहा और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।

एनएच-9 मार्ग पर भी सख्ती

हापुड़ और दिल्ली से एनएच-9 के रास्ते आने वाले भारी वाहनों को न तो गाज़ियाबाद में प्रवेश की अनुमति होगी और न ही उन्हें बुलंदशहर की दिशा में जाने दिया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

त्योहारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों, रोड जंक्शनों और पार्किंग क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। अधिकारी स्थिति पर लगातार निगरानी रखेंगे ताकि जाम की स्थिति न बने।

लोगों से सहयोग की अपील

पुलिस ने ट्रक चालकों, परिवहन संचालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इन प्रतिबंधों के दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

दिल्ली-एनसीआर में भी रहा जाम का आलम

इस बीच, दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार शाम भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। आउटर रिंग रोड, रिंग रोड (साउथ दिल्ली), मथुरा रोड, और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे जैसे मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई स्थानों पर लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!