‘बाला’ पर्दे से हकीकत में उतरा… गंजापन छिपाकर शादी, फिर पत्नी की जिंदगी बना दी सौदेबाज़ी!

0

ग्रेटर नोएडा में गंजापन छिपाकर विवाह

पत्नी को ब्लैकमेल करने का आरोप

5 पर FIR

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

ग्रेटर नोएडा। शादी जैसे पवित्र और संवेदनशील रिश्ते की नींव भरोसे, ईमानदारी और पारदर्शिता पर टिकी होती है। जब इस रिश्ते में छल, दिखावे और स्वार्थ की दीवार खड़ी कर दी जाती है, तो उसका असर केवल दो व्यक्तियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे समाज की नैतिक संरचना को झकझोर देता है। आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘बाला’ अधिकांश लोगों ने देखी होगी, जहां गंजापन छिपाने की कोशिश अंततः रिश्ते के टूटने की वजह बन जाती है। लेकिन ग्रेटर नोएडा में सामने आया मामला किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं, फर्क बस इतना है कि यहां कहानी का अंत अभी लिखा जा रहा है और इसके हर पन्ने में आरोप, धोखा और ब्लैकमेलिंग दर्ज है।

ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र से आई इस सनसनीखेज शिकायत ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या शादी अब सिर्फ भरोसे का नहीं, बल्कि छल-कपट की रणनीति भी बनती जा रही है ?

विग के नीचे छिपा सच

पीड़िता का आरोप है कि उसकी शादी नई दिल्ली के प्रताप बाग निवासी युवक से कराई गई। विवाह से पहले युवक ने सिर पर विग पहनकर खुद को सामान्य दिखाया। परिवार की ओर से बस इतना बताया गया कि युवक के बाल “थोड़े झड़ते हैं”। लेकिन शादी के बाद ससुराल पहुंचते ही जब पति ने विग उतारी, तो पीड़िता के सामने ऐसा सच आया, जिसने पूरे रिश्ते की बुनियाद हिला दी।

पीड़िता का कहना है कि यह सिर्फ गंजापन नहीं था, बल्कि एक पूर्व नियोजित धोखा था, जिसे जानबूझकर छिपाया गया।

धमकी और वसूली

शिकायत के अनुसार, जब पीड़िता ने इस छल पर आपत्ति जताई तो पति और ससुराल वालों का व्यवहार अचानक बदल गया। आरोप है कि पति ने मोबाइल फोन से उसकी निजी तस्वीरें खींचीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग करने लगा। यहीं से मामला सिर्फ वैवाहिक विवाद नहीं रहा, बल्कि ब्लैकमेलिंग और आपराधिक वसूली की दिशा में बढ़ गया।

पीड़िता ने बताया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और इस उत्पीड़न में सास-ससुर व अन्य परिजन भी शामिल थे।

15 लाख के गहने, मारपीट और घर से बेदखली

पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिन पहले आरोपियों ने उसके करीब 15 लाख रुपये मूल्य के गहने छीन लिए, उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस का दरवाज़ा खटखटाया।

पांच आरोपियों पर केस

पीड़िता की तहरीर पर बिसरख पुलिस ने पति समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी और वसूली से जुड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी मनोज कुमार के मुताबिक-

“मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मोबाइल फोन, फोटो, लेन-देन और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। यह सिर्फ पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि धोखे और ब्लैकमेलिंग से जुड़ा गंभीर मामला है।”

समाज के लिए चेतावनी

यह मामला एक व्यक्ति या एक परिवार तक सीमित नहीं दिखता। यह उस सामाजिक प्रवृत्ति पर सवाल उठाता है, जहां शादी को सौदे और सच को छुपाने की कला में बदला जा रहा है। ग्रेटर नोएडा की यह घटना बताती है कि रिश्तों में छल सिर्फ भावनात्मक चोट नहीं देता, बल्कि कानून की चौखट तक पहुंचने वाली त्रासदी बन सकता है।

अब देखना यह है कि जांच में कौन-सा सच सामने आता है, विग के नीचे छिपा सच, या कानून की नजर में उजागर होता पूरा खेल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!