‘विवेकानंद यूथ अवॉर्ड’ में गाजियाबाद की साक्षी झा और शिखा सहलोत को सीएम योगी करेंगे सम्मानित!
मुख्यमंत्री योगी करेंगे 21 करोड़ की खेल परियोजनाओं का लोकार्पण
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ/गाजियाबाद। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर योगी सरकार युवाओं को समर्पित एक वृहद राज्य स्तरीय आयोजन करने जा रही है। सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जूपिटर हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद की साक्षी झा और अंडर 19 महिला वर्ल्ड विजेता टीम की सदस्य शिखा सहलोत सहित प्रदेश के चयनित युवाओं को ‘राज्य स्तरीय विवेकानंद यूथ अवॉर्ड (2024-25)’ से सम्मानित करेंगे।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए 1500 से अधिक मंगल दलों के युवा सहभागिता करेंगे, जिससे आयोजन का स्वरूप भव्य और प्रेरणादायी होगा।
खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति
युवा दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खेलो इंडिया खेलो योजना के अंतर्गत 21 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पांच मल्टीपर्पज हॉल का लोकार्पण करेंगे। इनमें लखनऊ में दो जबकि हरदोई, कन्नौज और सहारनपुर में एक-एक हॉल शामिल हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री 26 करोड़ रुपये से बनने वाले तीन ग्रामीण स्टेडियमों, सुल्तानपुर, कासगंज और फतेहपुर का शिलान्यास भी करेंगे। यह पहल ग्रामीण युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का सशक्त मंच प्रदान करेगी।
10 युवा और 6 मंगल दल होंगे सम्मानित

युवा कल्याण विभाग के उपनिदेशक अजात शत्रु शाही के अनुसार, व्यक्तिगत श्रेणी में चयनित 10 उत्कृष्ट युवाओं को 50-50 हजार रुपये, स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं युवक और महिला मंगल दलों को राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार स्वरूप एक-एक लाख रुपये, ट्रॉफी, मोमेंटो, शॉल और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
गाजियाबाद की बेटियों की चमक

इस वर्ष के विवेकानंद यूथ अवॉर्ड में गाजियाबाद की साक्षी झा और शिखा सहलोत का चयन जिले के लिए गौरव का विषय है। दोनों युवतियों ने सामाजिक सहभागिता, नेतृत्व क्षमता और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। शिखा सहलोत साउथ अफ्रीका में आयोजित अंडर 19 महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम की सदस्य रह चुकी हैं और गॉंव अटौर की रहने वाली हैं। जबकि साक्षी झा पर्यावरण पर कार्य करती हैं।
व्यक्तिगत श्रेणी के सम्मानित युवा
हरदोई से अभिनीत कुमार मौर्य, शाहजहांपुर की महिका खन्ना, देवरिया के देवानंद राय, मऊ के अभिषेक पांडेय, बरेली की संजना सिंह, गोरखपुर के प्रणव द्विवेदी और सचिन गौरी वर्मा, लखनऊ के अवधेश कुमार के साथ गाजियाबाद की साक्षी झा और शिखा सहलोद को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
मंगल दलों को भी मिलेगा मंच
राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित तीन युवक मंगल दल और तीन महिला मंगल दल को भी उनके सामूहिक सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा, जो ग्रामीण क्षेत्रों में युवा नेतृत्व को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम है।

