समाजसेवा के प्रतीक डी. के. शर्मा को भावुक विदाई, शांति सभा में उमड़ी भीड़

0
0
1

डी. के. शर्मा की तेरहवीं पर उमड़ा सम्मान और संवेदनाओं का सैलाब

NEWS1UP

एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क

गाजियाबाद। स्वर्ण जयंतीपुरम आरडब्लूए के अध्यक्ष रहे दिवंगत डी. के. शर्मा की तेरहवीं के अवसर पर आयोजित शांति सभा ने न सिर्फ एक व्यक्तित्व को याद किया, बल्कि एक ऐसे इंसान के जीवन को भी सामने रखा, जिसने समाज सेवा को अपना धर्म मान लिया था। कवि नगर स्थित अपना भवन में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में भावनाओं का ऐसा सैलाब उमड़ा, जिसने हर आंख को नम कर दिया।

सभा में शर्मा के परिजनों के साथ-साथ पंजाब नेशनल बैंक की सेवानिवृत्त संस्था, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, वैश्य महासभा और स्वर्ण जयंतीपुरम आरडब्लूए के दर्जनों पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में उनके सामाजिक योगदान, निस्वार्थ सेवा और सौम्य व्यक्तित्व को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने डी. के. शर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वातावरण पूरी तरह से श्रद्धा, सम्मान और भावनाओं से ओत-प्रोत रहा। वक्ताओं ने कहा कि शर्मा न केवल एक कुशल प्रशासक थे, बल्कि वे समाज के हर वर्ग के लिए सदैव उपलब्ध रहने वाले संवेदनशील और सहयोगी व्यक्तित्व थे।

शांति सभा में स्वर्ण जयंतीपुरम आरडब्लूए के महासचिव अरविंद चौधरी, सिविल डिफेंस के नवनीत कुमार, सचिव कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता जोगेंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह शैली, मास्टर विजयपाल सिंह, मास्टर अरुण कुमार, चरण सिंह, सतीश कुमार और एडवोकेट सुरेश कुमार यादव सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार साझा किए।

सभी ने एकमत होकर कहा कि डी. के. शर्मा का जाना समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

अंत में, दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!