15 साल बाद चमकी विधायक कॉलोनी की सड़कें
सड़क निर्माण से कॉलोनीवासियों को राहत
गली नंबर 1, 3 और 4 में निर्माण कार्य पूरा
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित विधायक कॉलोनी की गली नंबर 1, 3 और 4 में सड़कों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। करीब 15 वर्षों से इन गलियों में सड़कें नहीं बनी थीं, जिसके कारण स्थानीय निवासियों को लंबे समय से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

बरसात के मौसम में जलभराव, टूटी सड़कें और धूल-मिट्टी जैसी समस्याओं से लोग परेशान रहते थे। अब नई सड़क बनने से कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली है और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनुपम शुक्ला ने सभी निवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सामूहिक प्रयासों और लगातार किए गए संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने स्थानीय पार्षद और नगर निगम अधिकारियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह कार्य संभव हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण से न केवल आवाजाही सुगम होगी, बल्कि कॉलोनी की सुंदरता और विकास को भी नई पहचान मिलेगी।
