न ट्रैफिक जाम, न लंबा इंतजार… अब 100 KM तक का सफर होगा हवा में सुपरफास्ट
NEWS1UP
फीचर
नई दिल्ली। देश में जल्द ही शहरी परिवहन का नया दौर शुरू होने जा रहा है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो आने वाले समय में दिल्ली से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, जेवर एयरपोर्ट या आसपास के 100 किलोमीटर दायरे तक का सफर मिनटों में पूरा किया जा सकेगा। सबसे खास बात यह है कि यह पहल किसी विदेशी कंपनी की नहीं, बल्कि भारतीय स्टार्टअप सरला एविएशन की है, जिसे अब देश की बड़ी एयरलाइन कंपनी IndiGo का साथ मिल गया है।
IndiGo ने जताया भरोसा
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को सरला एविएशन और IndiGo के बीच रणनीतिक साझेदारी हुई है। बताया जा रहा है कि IndiGo Ventures ने कंपनी में करीब 10 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस निवेश को भारत में बड़े स्तर पर एयर टैक्सी नेटवर्क शुरू करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
कंपनी का उद्देश्य ऐसे रूट्स पर तेज, सुरक्षित और समय बचाने वाली सेवा देना है, जहां सड़क मार्ग से पहुंचने में घंटों लग जाते हैं।
क्या होगी Air Taxi सेवा ?
Air Taxi एक ऐसी आधुनिक हवाई सेवा होगी, जिसमें छोटे इलेक्ट्रिक विमान या eVTOL (Electric Vertical Take-Off and Landing) वाहन शहर के भीतर और आसपास तय किए गए वर्टीपोर्ट्स से उड़ान भरेंगे। यानि अब मेट्रो स्टेशन की तरह शहरों में छोटे एयर टैक्सी हब बन सकते हैं, जहां से लोग सीधे अपने गंतव्य के नजदीक उतर सकेंगे।

दिल्ली-NCR में कैसे बदलेगी तस्वीर ?
जरा सोचिए
दिल्ली एयरपोर्ट से ग्रेटर नोएडा ऑटो एक्सपो तक कुछ ही मिनटों में पहुंचना
जेवर एयरपोर्ट से गुरुग्राम तक बिना ट्रैफिक जाम के सफर
नोएडा से दिल्ली एयरपोर्ट तक समय पर पहुंचना
मेडिकल इमरजेंसी में मरीज को बड़े अस्पताल तक तुरंत ले जाना
ऐसी कई जरूरतों के लिए Air Taxi वरदान साबित हो सकती है।
0 से 300 किलोमीटर तक के सफर पर फोकस
सरला एविएशन का कहना है कि भारत में सबसे बड़ी चुनौती 30 से 300 किलोमीटर के बीच की दूरी है।
30 किमी एयरपोर्ट ट्रांसफर
100 किमी इंटरसिटी यात्रा
200 किमी मेडिकल इमरजेंसी सफर
ये दूरी कार से लंबी, पारंपरिक फ्लाइट के लिए छोटी और समय के लिहाज से बेहद जरूरी होती है। ऐसे में Air Taxi सबसे कारगर विकल्प बन सकती है।
भारत में बदलेगा सफर का तरीका
भारत ने रेल, हाईवे और एविएशन सेक्टर में तेजी से विकास किया है, लेकिन बड़े शहरों में ट्रैफिक जाम अब भी बड़ी समस्या है। Air Taxi सेवा शुरू होने पर लोगों के लाखों घंटे बच सकते हैं और यात्रा का तरीका पूरी तरह बदल सकता है।
भविष्य की उड़ान अब दूर नहीं
अगर योजनाएं तय समय पर पूरी होती हैं, तो जल्द ही दिल्ली-NCR, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों में लोग सड़क नहीं, हवा के रास्ते दफ्तर, एयरपोर्ट और दूसरे शहरों तक पहुंचते नजर आएंगे। Air Taxi सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि भारत के स्मार्ट ट्रांसपोर्ट सिस्टम की नई पहचान बन सकती है।