गाजियाबाद: मासूम से दरिंदगी का आरोपी अल्फाजुद्दीन एनकाउंटर में दबोचा

0

पुलिस पर फायरिंग के बाद दोनों पैरों में लगी गोली

NEWS1UP

क्राइम डेस्क

गाजियाबाद। 7 साल की मासूम बच्ची से दरिंदगी करने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने खुद को घिरता देख टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी।

आरोपी की पहचान अल्फाजुद्दीन उर्फ भालू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फर्रुखाबाद का रहने वाला है और फिलहाल गाजियाबाद में रह रहा था। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

झुग्गी से उठाकर पार्क में ले गया था मासूम को

यह सनसनीखेज वारदात 15-16 अप्रैल की रात नीति खंड-2 इलाके में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, निर्माणाधीन प्लॉट पर बनी झुग्गी में सो रही 7 वर्षीय बच्ची को आरोपी उठाकर पास के पार्क में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।

इतना ही नहीं, आरोपी ने बच्ची और उसके परिवार को धमकाया और जाते-जाते झुग्गी से 11 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन भी चोरी कर लिया।

पुलिस गश्त के दौरान आया पकड़ में

घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। रविवार रात गौर ग्रीन से कनावनी पुलिया की तरफ ग्रीन बेल्ट रोड पर गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। रोकने पर वह भागने लगा। जब पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा।

नशे की लत में करता था अपराध

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और इसी लत को पूरा करने के लिए चोरी व अन्य वारदातों को अंजाम देता है। चोरी किए गए 11 हजार रुपये में से 1 हजार रुपये वह खर्च कर चुका था। मोबाइल भी उसने किसी राहगीर को बेच दिया था।

POCSO और Arms Act में दर्ज है केस

ACP, अभिषेक श्रीवास्तव

सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम, अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। अब पुलिस उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!