इंदिरापुरम के सनराइज ग्रीन्स में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन

0

एसजीआरडब्ल्यूए और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सफल हुआ शिविर, महिला स्वास्थ्य पर विशेष फोकस

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। इंदिरापुरम स्थित सनराइज ग्रीन्स परिसर में जिजीविषा सोशल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस जनहितकारी पहल में एसजीआरडब्ल्यूए (SGRWA), सनराइज ग्रीन्स का विशेष एवं सराहनीय सहयोग रहा। शिविर में क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन समाज सेविका प्रियंका राय के नेतृत्व में किया गया। उनके मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता की मिसाल पेश की।

शिविर में आम जनता के लिए कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इनमें ब्लड टेस्ट, कोलेस्ट्रॉल जांच, सीबीसी, शुगर टेस्ट, पीएफटी (फेफड़ों की जांच), लंबाई एवं वजन माप, डेंटल चेकअप, नेत्र जांच, फिजिशियन परामर्श तथा आर्थोपेडिक परामर्श जैसी सुविधाएं शामिल रहीं।

इसके साथ ही ब्लड डोनेशन कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। वहीं फिजियोथेरेपिस्ट की सेवाएं भी उपलब्ध रहीं, जिससे मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श और उपचार मिला।

शिविर में राजीव गांधी कैंसर अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने महिलाओं के लिए ब्रेस्ट कैंसर एवं सर्विक्स कैंसर की निःशुल्क जांच की। इस सुविधा से बड़ी संख्या में महिलाओं को लाभ मिला और कैंसर जागरूकता को बढ़ावा मिला।

इस आयोजन को सफल बनाने में संत परमानंद अस्पताल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। अस्पताल की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।

कार्यक्रम में अन्य सामाजिक संस्थाओं से शिवानी जैन की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!