रूपसी केस: ससुराल में मौत, अब सलाखों के पीछे पति-ससुर

0

अपने दम पर लाखों कमाने वाली रूपसी की मौत ने खड़े किए सवाल

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की हाई एंड पैराडाइज सोसाइटी में नवविवाहिता रूपसी झा की संदिग्ध मौत का मामला अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है। एक पढ़ी-लिखी, आत्मनिर्भर और अपने दम पर पहचान बनाने वाली युवती, जो नोएडा की एक कंपनी में करीब एक लाख रुपये मासिक वेतन पर कार्यरत थी, उसकी शादी के महज दो महीने बाद ससुराल में मौत हो जाना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

अब इस मामले में नंदग्राम पुलिस ने दहेज हत्या और दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। 

पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को मृतका के पिता प्रेम कुमार झा, निवासी फरीदाबाद ने थाना नंदग्राम में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 25 वर्षीय बेटी रूपसी की शादी 19 फरवरी 2026 को अभिनव कुमार झा से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रूपसी को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।

बताया गया है कि यह घटना 19 अप्रैल की रात की है, जब रूपसी की संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने दहेज हत्या और क्रूर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए।

रूपसी (फाइल फोटो)

परिजनों के गंभीर आरोप, रूह कंपा देने वाले दावे

मृतका के परिजनों का आरोप है कि रूपसी को ससुराल में बेहद क्रूर तरीके से प्रताड़ित किया गया। परिवार का दावा है कि उसके साथ मानसिक और शारीरिक अत्याचार की सारी सीमाएं पार कर दी गई थीं। आरोपों के अनुसार, उसे मारपीट कर घायल किया गया, यहां तक कि उसके पैर तोड़ने जैसी विभत्स यातनाएं भी दी गईं।

परिजनों का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर रूपसी को लगातार निशाना बनाया गया और अंततः उसकी जान चली गई।

चेकिंग के दौरान दबोचे गए आरोपी

थाना नंदग्राम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित की और सीसीटीवी फुटेज व लोकल इंटेलिजेंस की मदद से कार्रवाई शुरू की। इसके बाद पुलिस ने पति अभिनव कुमार झा और ससुर मनोज कुमार झा को थाना क्षेत्र के जी. ड़ी. गोयनका कट के पास से गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपी राजनगर एक्सटेंशन स्थित हाई एंड पैराडाइज सोसाइटी के निवासी बताए गए हैं।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने जुर्म का इकबाल करते हुए माफ़ी मांगी तथा अपनी सफाई अपने वकील के माध्यम से न्यायालय में देने की बात कही ।

ACP नंदग्राम, जियाउद्दीन अहमद

ACP नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने कहा-

“नवविवाहिता की मौत के मामले को गंभीरता से लिया गया है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!