यूनिनव हाइट्स सोसाइटी में 51 दिवसीय योग चैलेंज का शुभारंभ
बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
NEWS1UP
हेल्थ डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित यूनिनव हाइट्स सोसाइटी में यूनिनव योगा ग्रुप द्वारा 51 दिवसीय योग चैलेंज का विधिवत शुभारंभ किया गया। आयोजन का उद्देश्य भारत सरकार की फिट इंडिया मुहिम से प्रेरणा लेते हुए और आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य रूप से मनाना है। इस पहल का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

चैलेंज के पहले दिन “योग जरूरी है” विषय पर एक आकर्षक ड्रॉइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सोसाइटी के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नन्हे प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता के माध्यम से योग के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह और बढ़ा।
कार्यक्रम के आयोजकों बुद्धराम यादव, संजीव तेवतिया और नितिन जैन ने बताया कि यह योग चैलेंज लगातार 51 दिनों तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन प्रातः योग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिसमें सोसाइटी के सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस अभियान का समापन 20 जून को किया जाएगा, जबकि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक भव्य समारोह आयोजित कर प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस पहल को लेकर सोसाइटी के निवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होने के लिए आगे आ रहे हैं। यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ा रहा है, बल्कि सामुदायिक एकता को भी मजबूत कर रहा है।
