जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर आए दिन लगने वाले जाम से बढ़ी परेशानी
अधिकारियों, वकीलों और आम जनता को हो रही दिक्कत, यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग तेज
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर आए दिन लगने वाले जाम ने अब गंभीर रूप ले लिया है। यह वही मुख्य मार्ग है जिससे होकर डीएम, डिस्ट्रिक्ट जज, प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता और आम नागरिक अपने दैनिक कार्यों के लिए कार्यालय और अदालत पहुंचते हैं। ऐसे में इस महत्वपूर्ण मार्ग पर बार-बार लगने वाला जाम न केवल असुविधा बढ़ा रहा है, बल्कि ट्रैफिक पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि वाहन आधा-आधा घंटे तक जाम में फंसे रहते हैं। इसका असर अदालत की कार्यवाही पर भी पड़ रहा है, क्योंकि कैदियों को पेशी के लिए इसी मार्ग से लाया जाता है। जाम के कारण समय पर पेशी में देरी जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
आज सुबह जाम में फंसे एक अधिवक्ता ने नाराजगी जताते हुए कहा कि-
“जिला मुख्यालय के बाहर ही यदि यातायात व्यवस्था चरमरा रही है, तो इससे शहर की छवि पर नकारात्मक असर पड़ता है। यातायात पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठते हैं।”
एक अन्य वकील ने इसे
“संवेदनशील और चिंताजनक मुद्दा” बताते हुए कहा कि प्रशासन को इस पर तत्काल और ठोस कदम उठाने चाहिए। उनका कहना है कि यहां नियमित रूप से ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग, अनियंत्रित वाहनों की आवाजाही और ट्रैफिक पुलिस की सीमित मौजूदगी जाम की प्रमुख वजह हैं।
