बिना एनओसी खुदाई के दौरान फटी गैस पाइपलाइन, गैस रिसाव से दहली सोसायटी
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। एनएच-24 स्थित आदित्य वर्ल्ड सिटी की लक्जुरिया एस्टेट में खुदाई के दौरान आईजीएल गैस पाइपलाइन फटना केवल एक तकनीकी लापरवाही नहीं थी। यह उस सोच का खतरनाक उदाहरण है, जो आज धीरे-धीरे कई अपार्टमेंट सोसाइटियों में जड़ें जमाती दिखाई दे रही है, “बोर्ड जो चाहे वही होगा।”
बिना अनुमति जेसीबी से खुदाई शुरू कर देना, गैस पाइपलाइन फट जाना और फिर पूरे इलाके में गैस का तेजी से रिसाव होना, यह पूरा घटनाक्रम कुछ देर के लिए सोसाइटी के लोगों के लिए दहशत का कारण बन गया। हालात ऐसे बन गए थे कि किसी भी समय बड़ी आग या विस्फोट जैसी दुर्घटना हो सकती थी। यदि समय रहते आईजीएल कर्मचारियों ने गैस सप्लाई बंद नहीं की होती, तो सैकड़ों परिवार, वाहन और पूरी सोसाइटी इसकी चपेट में आ सकती थी। पुलिस को मौके पर पंहुचकर हस्तक्षेप करना पड़ा और खोदाई रुकवानी पड़ी।
क्षतिग्रस्त गैस पाइप लाइन को जोड़ते आईजीएल कर्मी
IGL सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद उन्होंने एओए को नोटिस जारी कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर कुछ निवासियों ने पहले ही जिलाधिकारी और जीडीए उपाध्यक्ष से शिकायत की हुई थी। शिकायत में बिना एनओसी और तकनीकी अनुमति के कराई जा रही खुदाई पर गंभीर आपत्ति जताई गई थी।
लक्जुरिया एस्टेट में कई निवासियों का आरोप है कि रिपेयरिंग कार्य को लेकर न पूरी जानकारी साझा की गई, न तकनीकी रिपोर्ट दिखाई गई और न ही एग्रीमेंट सार्वजनिक किया गया। इसके बावजूद भारी मशीनें उतार दी गईं।
ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर इतनी जल्दबाजी क्यों ?
क्या निवासियों की सुरक्षा से बड़ा कोई काम हो सकता है ?
और क्या एओए बोर्ड अब खुद को नियमों से ऊपर समझने लगे हैं ?
आईजीएल अधिकारियों ने साफ कहा कि गैस पाइपलाइन के आसपास खुदाई से पहले अनुमति लेना अनिवार्य था। ऐसा न करना बेहद खतरनाक कदम था। लेकिन चिंताजनक बात केवल यह हादसा नहीं है। असली चिंता वह रवैया है, जो अब कई सोसाइटियों में आम होता जा रहा है।