साइबर क्राइम में NCR का नया ‘हॉटस्पॉट’ बना गाजियाबाद !

0

NCRB रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता, दिल्ली में घटे केस लेकिन गाजियाबाद में दर्ज हुए ज्यादा साइबर अपराध

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

गाजियाबाद। राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो (एनसीआरबी) की ताजा रिपोर्ट ने गाजियाबाद को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। देश की राजधानी दिल्ली से कहीं कम आबादी होने के बावजूद वर्ष 2024 में गाजियाबाद में साइबर अपराध के 479 मामले दर्ज किए गए, जबकि दिल्ली में यह संख्या 404 रही।

रिपोर्ट के सामने आने के बाद गाजियाबाद में तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, डिजिटल ठगी और साइबर गैंग्स की सक्रियता को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि एनसीआर से सटे होने, तेजी से बढ़ते डिजिटल लेन-देन और ऑनलाइन बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के कारण गाजियाबाद साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गया है।

एनसीआरबी आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में जहां 2022 में साइबर अपराध के 685 मामले दर्ज हुए थे, वहीं 2024 तक यह संख्या घटकर 404 रह गई। दूसरी तरफ गाजियाबाद में 2024 के दौरान 479 साइबर अपराध दर्ज किए गए, जो दिल्ली से भी अधिक हैं।

रिपोर्ट में बताया गया है कि देशभर में वर्ष 2024 में कुल 1,01,928 साइबर अपराध के मामले दर्ज किए गए, जो 2023 की तुलना में 17.9 प्रतिशत ज्यादा हैं। इनमें सबसे अधिक 72.6 प्रतिशत मामले ऑनलाइन धोखाधड़ी से जुड़े रहे।

साइबर अपराध विशेषज्ञों की मानें तो गाजियाबाद में साइबर ठगी के मामलों में फर्जी निवेश स्कीम, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड, बैंकिंग OTP ठगी, सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।

एनसीआरबी रिपोर्ट के अनुसार, महानगरों में बेंगलुरु साइबर अपराध के मामलों में सबसे ऊपर रहा, जहां 2024 में 17,561 मामले दर्ज किए गए। मुंबई दूसरे और हैदराबाद तीसरे स्थान पर रहा।

हालांकि दिल्ली समेत कई महानगरों में 2022 से 2024 के बीच साइबर अपराध के मामलों में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन गाजियाबाद के आंकड़ों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। जानकारों का कहना है कि यदि समय रहते जागरूकता और साइबर निगरानी मजबूत नहीं की गई तो आने वाले समय में गाजियाबाद साइबर अपराध का बड़ा केंद्र बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!