गाजियाबाद। पटेल नगर इलाके में आज तड़के करीब साढ़े तीन बजे एक एसी सर्विस सेंटर में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन मंजिला पूरी इमारत उसकी चपेट में आ गई। हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई वाहन जलकर खाक हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के बाद एसी में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडरों और कंप्रेसरों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। आग से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था।
आठ दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। आग घनी आबादी वाले इलाके में लगी थी, इसलिए आसपास के मकानों तक आग फैलने का खतरा बना हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि भवन के हर फ्लोर पर आग फैल चुकी थी और अंदर रखा सामान धू-धू कर जल रहा था।
दो कारें और 10 बाइक जलकर खाक
इस भीषण आग में दो कारें और करीब 10 मोटरसाइकिलें पूरी तरह जल गईं। आग की वजह से इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा है और भवन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सर्च ऑपरेशन में मिला बुजुर्ग का शव
मौके पर घटना की जानकारी देते सीएफओ राहुल कुमार पाल
चीफ फायर ऑफिसर राहुल कुमार पाल ने बताया कि राहत और सर्च ऑपरेशन के दौरान दमकल कर्मियों को भूतल से एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान करीब 80 वर्षीय त्रिलोकी नाथ के रूप में हुई है।
राहुल कुमार पाल के मुताबिक
दमकल की तीन टीमों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फायर टीम ने समय रहते आसपास के घरों को भी सुरक्षित बचा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने की वजह की जांच कर रहे हैं। शुरुआती आशंका एसी गैस सिलेंडर या तकनीकी खराबी से आग भड़कने की जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।