अखिल भारतीय गुर्जर महासभा का शंखनाद: कोंडली में जुटे दिग्गज, समाज सुधार और एकजुटता का लिया संकल्प

0

शिक्षा, एकजुटता और सामाजिक सुधार के मंत्र के साथ गुर्जर समाज ने भरी नई हुंकार

NEWS1UP

संवाददाता

नोएडा। कोंडली बगर गांव स्थित बारात घर में रविवार को अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की ऐतिहासिक संगोष्ठी, बैठक एवं भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी के नेतृत्व में हुआ, जिसमें समाज के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महापंचायत में शिक्षा, सामाजिक कुरीतियों, स्वास्थ्य और संगठन की मजबूती जैसे अहम मुद्दों पर गंभीर मंथन किया गया।

बैठक में उमड़े भारी जनसमूह ने समाज को शिक्षित, संगठित और व्यसनमुक्त बनाने के प्रस्तावों पर एकमत से सहमति जताई। वक्ताओं ने कहा कि समय की मांग है कि समाज आंतरिक मतभेदों को भूलकर नई पीढ़ी के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए आगे आए।

महासभा को संबोधित करते मनवीर नागर

शिक्षा को बताया समाज की असली ताकत

कार्यक्रम में राष्ट्रीय पदाधिकारी विकल भाटी और किसान नेता आनंद सरपंच ने शिक्षा को समाज की प्रगति का सबसे बड़ा आधार बताया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

मनवीर नागर ने कहा कि-

जब तक समाज का हर बच्चा शिक्षित नहीं होगा, तब तक वास्तविक सामाजिक और आर्थिक उन्नति संभव नहीं है।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

दहेज और नशे के खिलाफ बुलंद हुई आवाज

बैठक में अशोक भाटी ने दहेज प्रथा को समाज के लिए घातक बताते हुए इस कुरीति पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि दहेज जैसी परंपराएं सामाजिक असमानता और आर्थिक बोझ को बढ़ावा देती हैं, इसलिए समाज को इसके खिलाफ एकजुट होकर निर्णायक कदम उठाने होंगे।

वहीं केपी कसाना ने युवाओं को नशे से दूर रहने और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं।

समाज की वर्तमान स्थिति पर हुआ मंथन

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सोवेंदर भाटी ने समाज की वर्तमान सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सुधार की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं को सामाजिक नेतृत्व में आगे लाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने कहा कि-

समाज तभी आगे बढ़ेगा जब सभी लोग व्यक्तिगत मतभेदों को भुलाकर एकजुटता के साथ कार्य करेंगे।

उन्होंने समाज को शिक्षा, संगठन और सामाजिक सुधार के रास्ते पर आगे बढ़ाने का शंखनाद किया।

बड़ी संख्या में पहुंचे गणमान्य लोग

महापंचायत एवं सम्मान समारोह में क्षेत्र की कई सामाजिक और राष्ट्रीय हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्याम सिंह प्रधान, करणपाल भाटी, प्रिंस भाटी, जयप्रकाश आर्य, नरेंद्र भाटी, मनवीर नागर, देशराज सिंह नागर, सुनील भाटी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!