इंदिरापुरम की शिप्रा सृष्टि सोसाइटी में भीषण आग, कई दमकल गाड़ियां मौके पर
15वीं मंजिल पर लगी आग से मचा हड़कंप, राहत एवं बचाव कार्य तेज
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित शिप्रा सृष्टि सोसाइटी में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सोसाइटी की 15वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लोर में लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में धुआं फैल गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
अग्निशमन विभाग के सूत्रों के मुताबिक सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली फायर स्टेशन समेत अन्य केंद्रों से भी अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए हैं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही सोसाइटी में रहने वाले लोग अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए। कई परिवारों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े जानमाल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि गाजियाबाद में पिछले कुछ समय से हाईराइज सोसाइटियों और इमारतों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। प्रशासन और फायर विभाग की टीम मौके पर मौजूद है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। मामले से जुड़ी हर नई जानकारी के लिए अपडेट जारी है…
