CM योगी से मिले MLC श्रीचंद शर्मा, बनवारीवास के ‘गोपाल शर्मा हत्याकांड’ पर उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

0

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखी उच्च स्तरीय जांच की मांग, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने पर दिया जोर

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। गौतमबुद्धनगर जनपद के जेवर क्षेत्र स्थित ग्राम बनवारीवास में 14 वर्षीय बालक गोपाल शर्मा की जघन्य हत्या का मामला अब प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक स्तर पर गंभीर मुद्दा बन गया है। विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा ने मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग, लखनऊ में योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर इस सनसनीखेज घटना को प्रमुखता से उठाया।

एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि बनवारीवास गांव में हुई 14 वर्षीय गोपाल की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग की।

मुख्यमंत्री से हुई इस महत्वपूर्ण भेंट में विधायक उमेश द्विवेदी, मानवेंद्र प्रताप सिंह, अवनीश कुमार सिंह और हरि सिंह ढिल्लों भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर विषयों पर चर्चा की तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश देने का भरोसा दिलाया है।

बनवारीवास गांव में गोपाल की हत्या के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीण लगातार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। अब यह मामला सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद प्रशासन पर तेजी से कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।

इसके साथ ही उन्होंने जनपद सहारनपुर में मंदिर के पुजारी के साथ हुए अपमानजनक कृत्य का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान श्रीचंद शर्मा ने उन्हें पुनः एमएलसी प्रत्याशी बनाए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार भी प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!