उत्सव में खलल डालने वालों का वर्तमान और भविष्य दोनों स्वाहा होंगे: सीएम योगी

0

NEWS1UP

संवाददाता

गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोंडा में 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कानून-व्यवस्था, विकास और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू और त्योहारों में बाधाएं आम बात थीं, लेकिन अब यदि कोई उत्सव के रंग में भंग डालने की कोशिश करेगा तो उसका “वर्तमान और भविष्य दोनों स्वाहा हो जाएंगे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले रामभक्त अयोध्या नहीं जा पाते थे, जबकि आज स्थिति यह है कि “रामद्रोही अयोध्या नहीं आ सकते।” उन्होंने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को दंगा, माफिया और भय के माहौल से निकालकर विकास, निवेश और रोजगार के रास्ते पर आगे बढ़ाया है।

गोंडा के कटरा और करनैलगंज विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में सीएम ने कहा कि अब निवेश केवल नोएडा और गाजियाबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि गोंडा जैसे जिलों में भी उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सभी पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने जनता से अच्छे जनप्रतिनिधियों को चुनने की अपील करते हुए कहा कि “जब आपने कमल का बटन दबाया, तब विकास और समृद्धि के रूप में मां लक्ष्मी का आशीर्वाद मिला।” उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक उत्तर प्रदेश के साथ गोंडा को भी आधुनिक और विकसित जिले के रूप में नई पहचान दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!