स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत: मंत्री सुनील शर्मा
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गौर कास्केड्स सोसाइटी में रविवार को नवनिर्मित ओपन जिम का विधिवत उद्घाटन प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने किया। उद्घाटन समारोह के दौरान एओए की ओर से मंत्री सुनील शर्मा का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने ओपन जिम की स्थापना को स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मंत्री सुनील शर्मा स्वागत करते सोसाइटी निवासी
स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता : सुनील शर्मा
इस अवसर पर मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में लोगों के लिए नियमित व्यायाम और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही किसी भी विकसित समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। ओपन जिम जैसी सुविधाएं लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूत करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनस्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं और नागरिक कल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। शहरी क्षेत्रों में बेहतर जीवन-स्तर और सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
ओपन GYM में व्यायाम करते निवासी
निवासियों को मिलेगा नियमित व्यायाम का अवसर
सोसाइटी प्रबंधन के अनुसार ओपन जिम के संचालन से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों को नियमित व्यायाम की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होगा, बल्कि लोगों में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
विकास और जनस्वास्थ्य पर जोर
कार्यक्रम में मौजूद निवासियों ने कहा कि प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने जनहित और स्वास्थ्य संवर्धन से जुड़ी पहलों के लिए प्रदेश सरकार तथा मंत्री सुनील शर्मा के प्रयासों की सराहना की।
एओए ने जताया आभार
गौर कास्केड्स अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन ने ओपन जिम के शुभारंभ को सोसाइटी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए मंत्री सुनील शर्मा, अतिथियों और सभी निवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। एओए पदाधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी सोसाइटी में सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार और निवासियों के हितों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में एओए अध्यक्ष संजीव मलिक, सचिव अनुज कुमार राठी, निधि शर्मा, अशोक नरवाल, विनोद तेजवानी, मोहित राठी, पूर्व सचिव पुनीत गोयल, पूर्व पार्षद संजीव त्यागी सहित सैकड़ों सोसाइटी निवासी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।