जिस जमीन पर कभी खेती करते थे, आज उसी एयरपोर्ट से उड़कर उ.प्र. की राजधानी पहुंचे किसान

0

लखनऊ पहुंच CM योगी का जताया आभार

महिला किसानों की आंखें हुईं नम, बोलीं- योगी सरकार ने सपना नहीं, किस्मत बदल दी

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ/जेवर। कभी जिन खेतों में फसलें लहलहाती थीं, आज उसी जमीन पर बने विश्वस्तरीय नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर जेवर के किसान सोमवार को पहली बार लखनऊ पहुंचे। यह सिर्फ एक हवाई यात्रा नहीं थी, बल्कि उन किसानों के सपनों की उड़ान थी जिन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीन दी और अब विकास की उसी कहानी के प्रत्यक्ष गवाह बन रहे हैं।

पहली उड़ान से राजधानी पहुंचे किसानों के चेहरों पर खुशी, गर्व और भावुकता साफ दिखाई दे रही थी। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर उतरते ही किसानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया और कहा कि जिस सपने को उन्होंने कभी दूर से देखा था, उसे योगी सरकार ने हकीकत में बदल दिया।

हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई जहाज में बैठा दिया

किसान धर्मवीर शर्मा ने कहा कि सरकार ने यह साबित कर दिया है कि विकास केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है।

उन्होंने कहा,

हम जैसे साधारण किसानों को हवाई जहाज में बैठाकर सरकार ने दिखा दिया कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकता है।

किसान हाजी जफर ने भी भावुक होकर कहा,

योगी जी ने सचमुच हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई जहाज में बैठा दिया। भूमि अधिग्रहण के समय किसानों की सहमति ली गई और आज उसी का परिणाम है कि हमारा क्षेत्र दुनिया के नक्शे पर पहचान बना रहा है।”

महिला किसानों की आंखों में छलकी खुशी

जेवर की किसान पूनम ने बताया कि एयरपोर्ट परियोजना के लिए उनकी जमीन गई थी और आज उसी एयरपोर्ट से पहली बार उड़ान भरना उनके जीवन का सबसे यादगार पल है।

उन्होंने कहा,

“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों का सम्मान बढ़ाया है, यह अवसर मैं कभी नहीं भूलूंगी।”

महिला किसान सुमन ने कहा कि वर्षों से हवाई यात्रा करने का सपना देख रही थीं, जो आज पूरा हो गया। वहीं मीनू ने कहा कि आसमान से अपनी जमीन और गांव को देखना ऐसा अनुभव था जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।

जमीन ही नहीं दी, विकास यात्रा का हिस्सा भी बने

किसान इकबाल कल्लू ने कहा कि सरकार ने किसानों को केवल मुआवजा देकर नहीं छोड़ा, बल्कि उन्हें विकास की इस ऐतिहासिक यात्रा का सहभागी भी बनाया है। उनके अनुसार, एयरपोर्ट बनने से आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और नए अवसरों के द्वार खुलेंगे।

हिरा रशीद ने कहा कि लखनऊ तक की हवाई यात्रा उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसी है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह को दिया।

कई सरकारें देखीं, ऐसा विकास पहली बार देखा: किसान जयवीर

बुजुर्ग किसान जयवीर ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में कई सरकारें देखी हैं, लेकिन विकास का ऐसा दौर पहले कभी नहीं देखा। उनके अनुसार किसानों को सम्मान देने की यह पहल आने वाले वर्षों तक याद रखी जाएगी। किसान जयकरन सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की तकदीर बदलने वाला विकास मॉडल है। उन्होंने कहा कि किसान आज पूरी तरह संतुष्ट हैं और भविष्य को लेकर उत्साहित भी।

विकास का नया प्रतीक बना जेवर

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हुई पहली उड़ान केवल विमानन इतिहास की घटना नहीं रही, बल्कि यह उस बदलाव का प्रतीक बन गई जिसमें एक किसान अपनी जमीन देने के बाद खुद विकास की उड़ान का यात्री बन गया। जेवर के किसानों का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो वादे किए थे, उन्हें जमीन पर उतारकर दिखाया है और यही वजह है कि आज गांव-गांव में विकास की चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!