राजनगर RWA ने मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
योगाचार्यों ने कराया आसन, प्राणायाम व ध्यान का अभ्यास, स्वस्थ आयु और तनावमुक्त जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का दिया संदेश
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सेक्टर-3 स्थित पार्क में बारहवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने योग, प्राणायाम एवं ध्यान का सामूहिक अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
योगाचार्या शालिनी दत्त ने ताड़ासन, पदहस्तासन, अर्धचक्रासन, वज्रासन, मंडूकासन, उष्ट्रासन, भुजंगासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन का अभ्यास कराते हुए उनके लाभ बताए। वहीं योगाचार्य देवेंद्र हितकारी ने प्राणायाम और ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कपालभाति, शीतली, भ्रामरी एवं नाड़ी शोधन का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि निरोग और संतुलित जीवन जीने की कला है।

मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल ने कहा कि इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” है और योग बढ़ती उम्र में भी व्यक्ति को स्वस्थ एवं सक्रिय बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े एनएचएआई चेयरमैन संतोष कुमार यादव ने कहा कि स्वस्थ समाज और राष्ट्र निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विशिष्ट अतिथियों नगर निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष प्रवीण चौधरी, पार्षद अजय शर्मा एवं पूर्व मेयर आशु वर्मा ने भी योग को आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव का प्रभावी उपाय बताया। संस्था के अध्यक्ष सीए डी.के. गोयल ने कहा कि राजनगरवासियों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण के लिए संस्था निरंतर योग शिविर एवं पौधरोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘सुरभि-2026’ पत्रिका का विमोचन रहा। इस अवसर पर पत्रिका के मुख्य संपादक जी.पी. अग्रवाल का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में बी.के. शर्मा हनुमान, के.पी. गुप्ता, जयकुमार गुप्ता, वी.के. अग्रवाल, दीपक कांत गुप्ता, वीरेंद्र सारस्वत, कैलाश गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन देवेंद्र हितकारी ने किया तथा अंत में प्रसाद वितरण एवं शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
