शेष 4 प्रतिशत प्लॉट से वंचित किसान 20 जुलाई से करेंगे अनशन

0

133वीं बोर्ड बैठक का प्रस्ताव लागू कराने की मांग तेज, 20 जुलाई से अनिश्चितकालीन अनशन की चेतावनी

NEWS1UP

संवाददाता

ग्रेटर नोएडा। 44 गांवों के शेष 4 प्रतिशत आबादी प्लॉट से वंचित किसानों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। रविवार को जैतपुर गांव स्थित झीडी मंदिर में आयोजित बैठक में किसानों ने चेतावनी दी कि यदि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 133वीं बोर्ड बैठक में पारित 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट संबंधी प्रस्ताव को शीघ्र शासन स्तर से स्वीकृति नहीं मिली तो वे 20 जुलाई से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे।

किसानों ने कहा कि वे लंबे समय से अपने वैधानिक अधिकार की मांग कर रहे हैं और एक सप्ताह पूर्व इस संबंध में शांतिपूर्ण मौन जुलूस भी निकाला गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। बैठक में निर्णय लिया गया कि अनशन से पहले 44 गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा गांव-गांव बैठकों के माध्यम से किसानों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा।

किसानों का कहना है कि वे कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मिलकर अपनी मांग रख चुके हैं। उन्होंने शासन से मांग की कि 133वीं बोर्ड बैठक में पारित प्रस्ताव को जल्द मंजूरी देकर किसानों को उनका अधिकार दिया जाए। किसानों ने यह भी स्पष्ट किया कि मांगों की अनदेखी जारी रहने पर वे जनप्रतिनिधियों का भी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेंगे।

“हक नहीं मिला तो होगा बड़ा आंदोलन” के नारे के साथ किसानों ने अपने संघर्ष को निर्णायक चरण में ले जाने का संकेत दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!