विधायक कॉलोनी में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ विशेष आयोजन

0

योग प्रशिक्षक डॉ. वर्षा गुप्ता ने कराया योगाभ्यास, ब्लैक बेल्ट संदीप श्रीवास्तव ने दिए आत्मरक्षा के गुर

NEWS1UP

हेल्थ डेस्क

गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंदिरापुरम स्थित विधायक कॉलोनी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) द्वारा टंकी वाले पार्क में योग एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भाग लेकर योग और स्वास्थ्य के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।

कार्यक्रम की मुख्य प्रशिक्षक डॉ. वर्षा गुप्ता ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उनके मार्गदर्शन में सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

योग सत्र के बाद आयोजित कराटे एवं सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान महिलाओं और बच्चों को आत्मरक्षा के महत्वपूर्ण तकनीकी गुर सिखाए गए, जिससे वे विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। प्रशिक्षण में ब्लैक बेल्ट प्राप्त संदीप श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक तरीके से आत्मरक्षा के विभिन्न उपायों का प्रदर्शन कर जानकारी दी।

कार्यक्रम के समापन पर RWA पदाधिकारियों एवं निवासियों ने डॉ. वर्षा गुप्ता और संदीप श्रीवास्तव का विशेष सम्मान करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि योग और आत्मरक्षा जैसे कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करते हैं।

RWA की ओर से कार्यक्रम में शामिल सभी कॉलोनीवासियों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि निवासियों के सहयोग और सक्रिय सहभागिता के कारण यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। कार्यक्रम ने योग के संदेश के साथ-साथ आत्मरक्षा के महत्व को भी प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!