जेवर एयरपोर्ट से श्रीनगर के लिए भरी पहली उड़ान
Ai image
अब कश्मीर की राह हुई आसान, सप्ताह में पांच दिन मिलेगी कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा
NEWS1UP
संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) ने शनिवार को अपनी हवाई सेवाओं में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ते हुए श्रीनगर के लिए पहली विमान सेवा का संचालन शुरू कर दिया। सुबह 6:10 बजे जेवर एयरपोर्ट से यात्रियों को लेकर पहली उड़ान रवाना हुई, जिसने एयरपोर्ट के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया।

यह उड़ान पहले चंडीगढ़ पहुंची, जहां से यात्रियों को विमान बदलकर श्रीनगर भेजा गया। वहीं दूसरी कनेक्टिंग फ्लाइट सुबह 10:05 बजे रवाना हुई, जो जम्मू पहुंचने के बाद यात्रियों को श्रीनगर के लिए आगे लेकर गई। फिलहाल यह सेवा कनेक्टिंग फ्लाइट के रूप में संचालित की जा रही है।
एयरलाइन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्रीनगर के लिए यह सेवा सप्ताह में पांच दिन, शनिवार, रविवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को उपलब्ध रहेगी। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को कश्मीर की यात्रा के लिए एक नया और सुविधाजनक विकल्प मिल गया है।
तेजी से बढ़ रहा जेवर एयरपोर्ट का विस्तार
श्रीनगर को हवाई नेटवर्क से जोड़ने के साथ ही जेवर एयरपोर्ट का घरेलू उड़ानों का दायरा लगातार विस्तृत हो रहा है। वर्तमान में यहां से मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु, अमृतसर, लखनऊ, चंडीगढ़, धर्मशाला, जम्मू, जयपुर, जोधपुर, भोपाल, देहरादून, पंतनगर, बरेली, किशनगढ़ सहित अनेक शहरों के लिए नियमित विमान सेवाएं संचालित हो रही हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि नई उड़ानों के लगातार जुड़ने से जेवर एयरपोर्ट केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए एक प्रमुख एविएशन हब के रूप में तेजी से उभर रहा है। श्रीनगर के लिए पहली उड़ान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रतीकात्मक कदम मानी जा रही है।
