शिव मंदिर धर्मार्थ औषधालय में लगेगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
स्वर्गीय स्वदेश चोपड़ा की 11वीं पुण्यतिथि पर मणिपाल हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे मुफ्त परामर्श, कई महत्वपूर्ण जांच भी होंगी निःशुल्क
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। समाज सेवा और जनस्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए स्वर्गीय स्वदेश चोपड़ा की 11वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गाजियाबाद में एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर नेहरू नगर स्थित शिव मंदिर धर्मार्थ औषधालय में आयोजित होगा, जहां शहरवासियों को विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर में मणिपाल हॉस्पिटल के अनुभवी जनरल फिजिशियन, ऑर्थोपेडिक्स सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ तथा दंत रोग विशेषज्ञ मरीजों का परीक्षण करेंगे। इसके साथ ही शुगर, ब्लड प्रेशर, यूरिक एसिड, टीएसएच और ईसीजी जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच भी निःशुल्क की जाएंगी, जिससे लोगों को समय रहते संभावित बीमारियों की पहचान कराने का अवसर मिलेगा।
शिविर का उद्घाटन डीसीपी सिटी धवल जायसवाल करेंगे, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) को अपनी सेवाएं दे चुके वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आलोक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
गौरतलब है कि पंजाब केसरी–नवोदय टाइम्स समूह स्वर्गीय स्वदेश चोपड़ा की पुण्यतिथि पर प्रत्येक वर्ष देश के विभिन्न शहरों में निःशुल्क मेडिकल हेल्थ चेकअप शिविर आयोजित करता है। इसी श्रृंखला में गाजियाबाद में भी यह स्वास्थ्य शिविर लगाया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक लाभान्वित होंगे।
शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष के.के. भटनागर ने बताया कि समिति शिविर के सफल आयोजन के लिए हर संभव सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर लोगों को शिविर की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस निशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठा सकें।
