डीएम कार्यालय ने जारी की चेतावनी, आंधी-तूफान, ओलावृष्टि, वज्रपात और भारी बारिश की आशंका
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद जिला प्रशासन ने जिले के लोगों के लिए महत्वपूर्ण मौसम चेतावनी जारी की है। जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, उत्तर प्रदेश मौसम विभाग, लखनऊ ने 7 जुलाई से 10 जुलाई तक जनपद में आंधी-तूफान, ओलावृष्टि और व्यापक वर्षा की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक सावधानियों का पालन करें।
प्रशासन की प्रमुख एडवाइजरी
जर्जर भवनों और कच्ची दीवारों से दूर रहें।
मौसम संबंधी ताजा जानकारी रेडियो, टीवी और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार प्राप्त करते रहें।
अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।
धातु की डंडी वाले छाते का प्रयोग न करें।
बिजली के खंभों, तारों और उनके आसपास खड़े होने से बचें।
निर्माण स्थलों पर लगे टीन शेड एवं अन्य ढीले ढांचे को सुरक्षित बांधकर रखें।
आंधी, तूफान और ओलावृष्टि के दौरान यात्रा करने से बचें।
पेड़ों के नीचे शरण न लें।
किसान पहले से कटी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा भारी बारिश एवं ओलावृष्टि के दौरान खेतों में जाने से बचें।
मौसम की सटीक जानकारी के लिए ‘प्ले स्टोर’ से ‘सचेत’ ऐप डाउनलोड करें।
किसी भी चिकित्सीय आपात स्थिति में 108 एवं 102 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।
बच्चों एवं बुजुर्गों को खराब मौसम के दौरान घर के अंदर सुरक्षित रखें।
जनहित में जारी की गई अपील
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए नागरिक अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। प्रशासन ने सभी विभागों को भी सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।