गाजियाबाद-नोएडा के बिल्डर का मामला पहुंचा मुख्यमंत्री योगी तक, जनता दर्शन में जांच के आदेश
‘एक फ्लैट, कई रजिस्ट्री‘ की शिकायत जनता दर्शन में पहुंची
जांच के आदेश: दोषी मिले तो होगी कड़ी कार्रवाई
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ में गाजियाबाद, नोएडा और मेरठ से जुड़े बिल्डर का एक गंभीर मामला सामने आया। पीड़ितों ने मुख्यमंत्री से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि एक बिल्डर ने एक ही फ्लैट की रजिस्ट्री कई लोगों के नाम कर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल जांच के आदेश दिए और स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित बिल्डर के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गाजियाबाद-नोएडा के पीड़ितों ने मुख्यमंत्री से मांगा न्याय
जनता दर्शन में पहुंचे पीड़ितों ने मुख्यमंत्री को बताया कि बिल्डर की कथित अनियमितताओं के कारण अनेक परिवारों की वर्षों की जमा-पूंजी दांव पर लग गई है। उनका आरोप है कि एक ही संपत्ति की कई लोगों के नाम रजिस्ट्री कर गंभीर वित्तीय अनियमितता की गई है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निष्पक्ष, समयबद्ध और तथ्यात्मक जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

दोषियों को नहीं मिलेगी कोई राहत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आम नागरिकों की मेहनत की कमाई के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जांच में यदि बिल्डर दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
अवैध कब्जे और धमकी के मामलों पर भी सख्त संदेश
जनता दर्शन के दौरान अवैध कब्जे और धमकी से जुड़े मामलों पर भी मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा अपराध एवं अवैध कब्जे से जुड़े मामलों की विवेचना में तेजी लाकर पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाया जाए।
