राजनगर एक्सटेंशन के 125 कर्मचारियों को मिला हेल्थ कार्ड, वरिष्ठ नागरिकों के लिए फ्री एम्बुलेंस सेवा भी शुरू
अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी में आयोजित शिविर में 125 कर्मचारियों को हेल्थ कार्ड, वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड भी बने
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की आवासीय सोसाइटियों में कार्यरत आर्थिक रूप से कमजोर कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में फेडरेशन ऑफ राजनगर एक्सटेंशन सोसाइटीज (फ्रेंस) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। फ्रेंस और वरदान मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के संयुक्त अभियान के तहत शनिवार को अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 125 कर्मचारियों को हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। इसी शिविर में 70 वर्ष से अधिक आयु के पांच वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जबकि क्षेत्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा शुरू करने की घोषणा की गई।

इस अभियान में वरदान मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के डॉ. सुबोध त्यागी, डॉ. सपना अग्रवाल, विक्रांत सिंह, राहुल, विश्वजीत कुमार, सिमरन और रेखा, जीवन आशा हॉस्पिटल की डॉ. नेहा सहगल, शीतल, निशा और मंजीत, संजीवनी क्लिनिक के डॉ. अंशुल गर्ग तथा गाजियाबाद स्पीच एंड हियरिंग के अभिनव त्यागी की सक्रिय भागीदारी रही।
12 बार मुफ्त परामर्श और दवाइयों पर विशेष छूट
फ्रेंस अध्यक्ष सचिन त्यागी ने बताया कि हेल्थ कार्ड धारकों और उनके परिवारों को वर्षभर में 12 बार निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा दवाइयों और अन्य चिकित्सा सेवाओं पर भी विशेष छूट दी जाएगी। उनका कहना है कि उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी परिवार के इलाज में बाधा न बने।

पूरे परिवार को मिलेगा लाभ
फ्रेंस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. सुबोध गुप्ता ने बताया कि हेल्थ कार्ड केवल कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उनके पूरे परिवार के लिए मान्य होंगे। कार्डधारकों को अस्पताल में इलाज, जांच और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क अथवा रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई कर्मचारी शिविर के दौरान कार्ड लेने से वंचित रह गया है, तो वह सोसाइटी में मौजूद फ्रेंस प्रतिनिधि से संपर्क कर कार्ड प्राप्त कर सकता है।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए नई सुविधा
फ्रेंस के उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि शिविर में पांच वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। साथ ही राजनगर एक्सटेंशन के सभी 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए वरदान समूह की ओर से अस्पताल सेवाओं हेतु निःशुल्क एम्बुलेंस सुविधा शुरू कर दी गई है। इससे आपात स्थिति में बुजुर्गों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

हर सोसाइटी तक पहुंचेगा अभियान
सचिन त्यागी ने बताया कि फ्रेंस अब राजनगर एक्सटेंशन की सभी आवासीय सोसाइटियों में ऐसे शिविर आयोजित करेगा। उन्होंने सभी एओए, आरडब्ल्यूए और सोसाइटी पदाधिकारियों से अपील की कि वे फ्रेंस की कार्यकारिणी या महिला प्रकोष्ठ ‘मातृशक्ति’ से संपर्क कर अपने यहां भी हेल्थ कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित कराएं, ताकि कोई भी जरूरतमंद कर्मचारी या वरिष्ठ नागरिक इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।
शिविर में फ्रेंस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. सुबोध गुप्ता, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव, वरिष्ठ सचिव अभिनव त्यागी, अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी के अध्यक्ष नीरज त्यागी, उपाध्यक्ष हरिकेश रॉय, सचिव अरुणेश शर्मा, कोषाध्यक्ष अम्बर, वरदान समूह के विक्रांत सिंह और आकाश कुमार सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
