November 5, 2026
[t4b-ticker]

अपनों का आसरा: GH-7 के दो अत्याधुनिक गज़ेबो बने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सुकून का नया ठिकाना!

0
F2

क्रॉसिंग रिपब्लिक की सोसायटी में दो अत्याधुनिक गज़ेबो का लोकार्पण

वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और सामुदायिक संस्कृति को मिली नई पहचान

NEWS1UP

शिरीष निर्मल वशिष्ठ

गाजियाबाद। ऊँची-ऊँची इमारतों, आधुनिक क्लब हाउस और आलीशान सुविधाओं के बीच एक सवाल अक्सर अनदेखा रह जाता है, क्या हमारी आवासीय सोसायटियों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ऐसा कोई स्थान है, जहाँ वे रोज़ कुछ पल अपने हमउम्र साथियों के साथ सुकून से बैठ सकें ? अनेक सोसायटियों में ऐसी व्यवस्था का अभाव है, जबकि कहीं बैठने की जगह को लेकर समय-समय पर विवाद भी सामने आते हैं। ऐसे दौर में क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित GH-7 सोसायटी ने एक ऐसी पहल की है, जो अन्य आवासीय परिसरों के लिए भी सकारात्मक संदेश बनकर उभरी है।

 

रविवार को GH-7 एओए ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रूप से निर्मित दो अत्याधुनिक गज़ेबो का भव्य लोकार्पण किया। समारोह में बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में निवासियों ने भाग लेकर इस पहल का स्वागत किया।

सुविधा नहीं, सम्मान का स्थायी स्थान

सोसायटी के सेंट्रल पार्क के समीप बनाए गए दो गज़ेबो में एक पुरुषों और दूसरा महिलाओं के लिए समर्पित है। मजबूत फाउंडेशन, उच्च गुणवत्ता वाले आयरन स्ट्रक्चर और टिकाऊ टिन शेड से निर्मित इन गज़ेबो में सीलिंग फैन, एलईडी लाइट, मोबाइल चार्जिंग सॉकेट तथा सुरक्षित आवागमन के लिए आकर्षक टाइल्सयुक्त मार्ग की व्यवस्था की गई है। उद्देश्य स्पष्ट है, वरिष्ठ नागरिक हर मौसम में आरामदायक वातावरण में बैठकर पार्क की हरियाली और अपने साथियों का साथ दोनों का आनंद ले सकें।

बदलती जीवनशैली में बढ़ी ऐसी पहल की जरूरत

महानगरों की व्यस्त जीवनशैली में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामाजिक संवाद के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं। ऐसे साझा स्थान केवल बैठने की सुविधा नहीं देते, बल्कि अपनापन, मानसिक सुकून और सामुदायिक जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं। यही वजह है कि GH-7 की यह पहल एक सामान्य निर्माण कार्य से आगे बढ़कर सामाजिक संवेदनशीलता का उदाहरण बन गई है।

वरिष्ठ नागरिकों और सोसाइटी निवासियों को ‘गज़ेबो’ की जानकारी देते एओए अध्यक्ष रोहित चौधरी

वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान को प्राथमिकता

सोसायटी अध्यक्ष डॉ. रोहित चौधरी ने बताया कि पार्क में वरिष्ठ नागरिकों के लिए समुचित बैठने की व्यवस्था लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए वर्तमान एओए ने इन गज़ेबो का निर्माण कराया है, ताकि सुबह-शाम की सैर के बाद वे अपने मित्रों और परिचितों के साथ सहज वातावरण में समय बिता सकें। उन्होंने कहा कि एओए का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और आपसी संवाद को भी बढ़ावा देना है।

एओए सदस्य सुमित श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान प्रबंधन निवासियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है और वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह सुविधा भी उसी सोच का परिणाम है।

वरिष्ठ नागरिकों के हाथों हुआ लोकार्पण

समारोह की विशेष बात यह रही कि पुरुषों के लिए बने गज़ेबो का उद्घाटन वरिष्ठ पुरुष नागरिकों तथा महिलाओं के लिए बने गज़ेबो का उद्घाटन वरिष्ठ महिला नागरिकों के हाथों कराया गया। इसके बाद एओए की ओर से सभी उपस्थित लोगों के लिए चाय, नाश्ता और मिष्ठान की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर एओए के पदाधिकारी अभय सिंह यादव, कमल तनेजा, मयंक अग्रवाल, प्रगति शारदा, राम सिंह और सुखविंदर संधू सहित बड़ी संख्या में निवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed