गुलमोहर एन्क्लेव में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने कराई जांच
यशोदा हॉस्पिटल और आनंदवती फाउंडेशन के संयुक्त आयोजन में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिया परामर्श
NEWS1UP
हेल्थ डेस्क
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी के कम्युनिटी हॉल में रविवार को यशोदा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर एवं आनंदवती फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांच कराईं और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र और जनरल फिजिशियन डॉ. अभिषेक ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। हड्डियों एवं जोड़ों से जुड़ी समस्याओं के साथ सामान्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों पर भी परामर्श दिया गया।

शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी) और बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) की नि:शुल्क जांच की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर चिकित्सकों ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी।
गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं सुलभ कराना है। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से कई गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है, जिससे उपचार अधिक प्रभावी हो जाता है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।
शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सकों, मेडिकल टीम और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर सोसायटी निवासी दिनेश सिंह, अनुजा बंसल, गौरव बंसल, अरविंद सिंघल और विशाल विग ने यशोदा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, आनंदवती फाउंडेशन तथा चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
