November 5, 2026
[t4b-ticker]

5 अगस्त से DME पर ट्रैफिक डायवर्जन, गाजियाबाद-नोएडा वालों को अपनाने होंगे नए रास्ते

0
CC

कांवड़ यात्रा के चलते एक लेन होगी आरक्षित, भीड़ बढ़ने पर दूसरी लेन भी बंद हो सकती है

प्रशासन ने जारी की नई ट्रैफिक एडवाइजरी

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

गाजियाबाद/नोएडा। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) और एनएच-58 पर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव लागू करने का निर्णय लिया है। 5 अगस्त से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की एक लेन पूरी तरह कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी। यदि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती है तो दूसरी लेन भी वाहनों के लिए बंद की जा सकती है। इसका सीधा असर गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार की ओर जाने वाले लाखों यात्रियों पर पड़ेगा।

गाजियाबाद-नोएडा से निकलने वालों को पहले से बनानी होगी यात्रा की योजना

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद और नोएडा से मेरठ, हरिद्वार या उत्तराखंड की ओर जाने वाले वाहन चालकों को अब वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने और अतिरिक्त समय लेकर यात्रा शुरू करने की सलाह दी गई है।

दिल्ली-गाजियाबाद से मेरठ का नया रूट

प्रशासन द्वारा जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार दिल्ली और गाजियाबाद से मेरठ जाने वाले वाहन गाजीपुर बॉर्डर-एनएच-9-यूपी गेट-डासना इंटरचेंज-पिलखुवा-हापुड़-निजामपुर तिराहा-ततारपुर तिराहा-किठौर होते हुए मेरठ पहुंचेंगे। वहीं हरिद्वार और मुजफ्फरनगर जाने वाले वाहन किठौर-परीक्षितगढ़-मवाना-रामराज मार्ग का उपयोग करेंगे।

नोएडा और बागपत के लिए भी बदला रास्ता

नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली से बागपत जाने वाले वाहनों को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे अथवा एनएच-1 के जरिए शामली, करनाल और सोनीपत की ओर से जाने की सलाह दी गई है। बागपत से दिल्ली आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

भारी वाहनों पर भी असर

दिल्ली और गाजियाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सिंभावली कट से गंगा एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा और संभल की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा।

यात्रियों के लिए प्रशासन की सलाह

यात्रा से पहले नवीनतम ट्रैफिक एडवाइजरी अवश्य देखें

अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें

भारी वाहन चालक निर्धारित वैकल्पिक मार्ग अपनाएं

कांवड़ मार्ग पर अनावश्यक प्रवेश से बचें

पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें

जरूरत पड़ने पर और सख्ती संभव

प्रशासन का कहना है कि कांवड़ियों की संख्या के अनुसार ट्रैफिक व्यवस्था में तत्काल बदलाव किए जा सकते हैं। यदि भीड़ बढ़ती है तो दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे की दूसरी लेन भी कांवड़ियों के लिए आरक्षित की जा सकती है। ऐसे में गाजियाबाद और नोएडा से सफर करने वाले लोगों को लगातार ट्रैफिक अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed