November 5, 2026
[t4b-ticker]

सावन का पहला सोमवार: गाजियाबाद में गूंजा ‘हर-हर महादेव’

0
FF

श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

बहुमंजिला सोसायटियों में भी हुए रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और शिव आराधना

NEWS1UP

धर्म-कर्म डेस्क

गाजियाबाद/लखनऊ। सावन के प्रथम सोमवार पर पूरा उत्तर प्रदेश भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आया। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से मंदिरों के साथ-साथ शहर, कस्बे और गांव शिवमय हो उठे। गाजियाबाद में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ऐतिहासिक श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर में उमड़ पड़ी, जहां जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए। दूसरी ओर शहर की बहुमंजिला आवासीय सोसायटियों में भी शिव आराधना, महामृत्युंजय जाप, भजन-कीर्तन और सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन कर श्रद्धालुओं ने प्रथम सोमवार को विशेष श्रद्धा के साथ मनाया।

 

प्रदेशभर में योगी सरकार ने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुरक्षा, सफाई, पेयजल और यातायात की व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, मेरठ, बागपत, कानपुर, आगरा, संभल सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा।

दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धा का जनसैलाब

गाजियाबाद के प्राचीन एवं प्रसिद्ध श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर में रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। सोमवार तड़के मंगला आरती के बाद जलाभिषेक का सिलसिला प्रारंभ हुआ, जो पूरे दिन चलता रहा। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के उद्घोष से गूंजता रहा। भक्तों ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

हाईराइज सोसायटियों में भी दिखी शिवभक्ति की अनूठी छटा

गाजियाबाद की गोल्फ लिंक्स टाउनशिप, इंदिरापुरम, वैशाली, राजनगर एक्सटेंशन, क्रॉसिंग रिपब्लिक, सिद्धार्थ विहार और अन्य बहुमंजिला आवासीय सोसायटियों में भी सावन के प्रथम सोमवार का उत्साह देखने को मिला। विभिन्न मंदिरों एवं क्लब परिसरों में सामूहिक रुद्राभिषेक, शिव चालीसा पाठ, महामृत्युंजय मंत्र जाप, भजन संध्या और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। सुबह से ही बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने पारंपरिक वेशभूषा में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

काशी विश्वनाथ से लेकर गांव-गांव के शिवालयों तक विशेष श्रृंगार

वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ धाम को विशेष रूप से सजाया गया, जहां बाबा का ‘श्री शंकर स्वरूप’ श्रृंगार किया गया और श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई। गोरखपुर, प्रयागराज, मेरठ, बागपत, कानपुर और संभल सहित प्रदेश के प्रमुख शिवालयों में भी विशेष पूजन, भव्य सजावट और धार्मिक आयोजनों ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। कई स्थानों पर रविवार रात से ही भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।

ड्रोन, जियो फेंसिंग और हजारों पुलिसकर्मियों के बीच अभेद्य सुरक्षा

योगी सरकार ने कांवड़ यात्रा और सावन के प्रथम सोमवार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व बनाया है। वाराणसी में एंटी ड्रोन सिस्टम, जियो फेंसिंग और पांच हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मेरठ, बागपत, कानपुर और प्रयागराज सहित संवेदनशील जिलों में ड्रोन, सीसीटीवी, बैरिकेडिंग, पीएसी और आरएएफ की निगरानी में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुनिश्चित की गई। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किए गए।

महिला श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं

प्रयागराज सहित विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में महिला शिवभक्तों की सहभागिता को देखते हुए महिला पुलिस बल, आपदा सखियों और स्वयंसेवी संगठनों की विशेष तैनाती की गई। घाटों और मंदिर परिसरों में पेयजल, चिकित्सा सहायता, विश्राम स्थलों तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed