गाजियाबाद में हाउस टैक्स पर आर-पार! बढ़ा टैक्स वापस लो, वरना आंदोलन तेज: व्यापारी
नगर निगम के बढ़े हाउस टैक्स के खिलाफ व्यापारियों का मोर्चा जारी
शिवरात्रि के बाद आंदोलन तेज करने का ऐलान
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गाजियाबाद। गाजियाबाद में बढ़े हुए हाउस टैक्स को लेकर नगर निगम और व्यापारियों के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। रविवार को धरना स्थल पर व्यापारियों के साथ आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रही। आंदोलनकारियों ने साफ कर दिया है कि अब मामला सिर्फ विरोध तक सीमित नहीं रहेगा, बढ़ा हुआ टैक्स वापस नहीं हुआ तो आंदोलन को शहरभर में फैलाया जाएगा।
टैक्स वापस करो, नहीं तो आंदोलन होगा और बड़ा
हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति के आयोजक और सर्राफा एसोसिएशन गाजियाबाद के संरक्षक राजकिशोर गुप्ता ने नगर निगम को सीधा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ा हुआ हाउस टैक्स वापस होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
धरना स्थल से व्यापारियों ने कहा कि जिस तरह टैक्स में बढ़ोतरी की गई है, उससे कारोबारियों के साथ-साथ आम संपत्ति स्वामियों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। व्यापारियों का कहना है कि नगर निगम को इस फैसले पर तत्काल पुनर्विचार करना चाहिए।

2024 की दरें लागू करने की मांग
आंदोलनकारियों की सबसे बड़ी मांग है कि बढ़े हुए हाउस टैक्स के आदेश पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए और वर्ष 2024 में निर्धारित दरों के आधार पर ही हाउस टैक्स की गणना और वसूली की जाए। व्यापारियों का कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ बाजार की नहीं है। इसका असर शहर के उन तमाम लोगों पर पड़ेगा, जिनके पास अपनी संपत्ति है। यही वजह है कि अब व्यापारिक संगठनों के साथ-साथ RWA और सामाजिक संस्थाएं भी आंदोलन के समर्थन में सामने आ रही हैं।
धरना चौथे दिन पहुंचा, लेकिन तेवर और तीखे
चौथे दिन धरने में बड़ी संख्या में व्यापारी और नागरिक पहुंचे। अलग-अलग व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने नगर निगम की टैक्स वृद्धि के खिलाफ अपना समर्थन जताया। समिति ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा।
शिवरात्रि के बाद बढ़ेगा आंदोलन का दायरा
संघर्ष समिति ने साफ कर दिया है कि शिवरात्रि के बाद आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शहर के दूसरे बाजारों, व्यापार मंडलों, आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों से संपर्क कर उन्हें आंदोलन से जोड़ने की तैयारी है। यानी आने वाले दिनों में हाउस टैक्स का मुद्दा नगर निगम से निकलकर पूरे शहर का मुद्दा बन सकता है।
धरना स्थल पर व्यापारियों ने एक स्वर में नारा बुलंद किया-
“बढ़ा हुआ हाउस टैक्स वापस होने तक संघर्ष जारी रहेगा।”
सैकड़ों व्यापारी और नागरिक रहे मौजूद
धरने में हाउस टैक्स विरोधी संघर्ष समिति के संयोजक राजकिशोर गुप्ता, गौरव गर्ग, रजनीश बंसल मंगली, सुभाष गुप्ता, सूरज बतरा, हरविंदर गांधी, बाल किशन गुप्ता, सोनू मावे वाले, नसीम खान, राकेश काका, विनय सिंघल, रमेश खजांची, तिलक राज अरोड़ा, सतीश चोपड़ा, संदीप त्यागी, परमानंद गर्ग, अमित वर्मा, अनिल गुलाटी, राजीव गोयल, सतीश शर्मा (पूर्व मंत्री), बिजेंद्र यादव (कांग्रेस), सुनील चाचा, जाकिर कुरैशी (पार्षद), अभिषेक गर्ग (सपा), दिनेश गोयल सीए (अध्यक्ष, राजनगर RWA), अमरीश कुमार त्यागी (महामंत्री), प्रभाकर त्यागी, सुनील दत्त, सौरभ गर्ग, पंकज भारद्वाज, सचिन शर्मा, लोकेश बंसल सहित सैकड़ों व्यापारी एवं नागरिक मौजूद रहे।
